लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सियासी पारा चढ़ने लगा है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में अभी वक्त है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी मशीनरी को पूरी रफ्तार दे दी है। योगी कैबिनेट के विस्तार के बाद अब भाजपा का पूरा ध्यान ‘मिशन 2027’ पर टिक गया है। पार्टी ने इस बार उन सीटों पर विजय पताका फहराने की रणनीति बनाई है, जो पिछले तीन चुनावों से भाजपा के लिए अभेद्य दुर्ग बनी हुई हैं।
50 से 60 हारी हुई सीटों पर विशेष फोकस
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, असम में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के बाद भाजपा आलाकमान उत्तर प्रदेश को लेकर एक बड़ी और निर्णायक बैठक करने जा रहा है। प्रदेश संगठन ने उन 50 से 60 सीटों की पहचान की है, जहां 2012 से लेकर 2022 तक के तीन विधानसभा चुनावों में भाजपा को कभी जीत नसीब नहीं हुई। प्रदेश नेतृत्व का मानना है कि यदि इन ‘कमजोर’ सीटों में से आधी पर भी कमल खिल गया, तो नतीजों में भारी बढ़त हासिल की जा सकती है।
पूर्वांचल और पश्चिम यूपी के ‘रेड जोन’ पर नजर
भाजपा के रडार पर सबसे ऊपर पूर्वांचल के आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर और मिर्जापुर जिले हैं, जहां की 22 सीटें पार्टी के लिए चुनौती बनी हुई हैं। इन इलाकों में समाजवादी पार्टी का पारंपरिक दबदबा रहा है। वहीं, पश्चिम उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, बिजनौर और मुरादाबाद जैसे मुस्लिम बहुल जिलों की 13 सीटों पर भी भाजपा ने खास घेराबंदी शुरू कर दी है। रणनीति साफ है—अपने गढ़ बचाने के साथ-साथ विपक्षी किलों में सेंध लगाई जाए।
सपा के ‘विजय रथ’ को रोकने का मास्टरप्लान
2022 के चुनावों में सपा ने इन 35 महत्वपूर्ण सीटों में से 22 पर कब्जा जमाया था, जिसकी बदौलत अखिलेश यादव की पार्टी 2017 के मुकाबले काफी मजबूत स्थिति में दिखी थी। इस बार भाजपा सपा को उनके ही घर यानी मैनपुरी, फर्रुखाबाद और इटावा जैसे जिलों में घेरने की तैयारी कर चुकी है। चुनावी समर में महीनों पहले सक्रिय होने की अपनी पुरानी शैली पर चलते हुए भाजपा ने अभी से जमीन तैयार करना शुरू कर दिया है।
बूथ स्तर पर नए ‘तेवर और कलेवर’ के साथ उतरेगी टीम
भाजपा की जीत का सबसे बड़ा मंत्र ‘बूथ विजय’ रहा है। इस बार भी पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को बूथ लेवल पर सक्रिय कर रही है। नए तेवर और कलेवर के साथ कार्यकर्ताओं को वोटरों के घर-घर तक पहुंचने का जिम्मा सौंपा गया है। भाजपा का मानना है कि जमीनी स्तर पर सक्रियता ही उदासीन वोटरों को पोलिंग बूथ तक खींच कर लाएगी, जिससे जीत की राह आसान होगी।
girls globe
