
मई का महीना अब विदा होने को है और जून की शुरुआत होने वाली है. ज्योतिष शास्त्र और अंक ज्योतिष (Numerology) के अनुसार, किसी भी व्यक्ति के जन्म का महीना उसके स्वभाव, करियर, लव लाइफ, भाग्य और सोचने के तरीके पर बहुत गहरा असर डालता है. अंक ज्योतिष की मानें तो जून महीने का संबंध मुख्य रूप से मूलांक 6 (Number 6) से माना जाता है, जिसका प्रतिनिधित्व धन, वैभव और सौंदर्य के देवता ‘शुक्र ग्रह’ (Venus) करते हैं. यही वजह है कि जून के महीने में पैदा होने वाले लोगों में एक अलग ही आकर्षण, सौम्यता और प्रेम भाव देखने को मिलता है. आइए जानते हैं जून में जन्मे लोगों के व्यक्तित्व से जुड़े कुछ बेहद दिलचस्प और अनछुए पहलू.
स्वभाव: दिल के साफ, लेकिन नाक पर रहता है गुस्सा
जून में जन्मे लोग बेहद दिलचस्प और जादुई व्यक्तित्व के मालिक होते हैं. ये दिल के बेहद साफ होते हैं और दूसरों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं. चूंकि जून का महीना साल के सबसे गर्म महीनों में से एक होता है, इसलिए इनके स्वभाव में अग्नि तत्व का थोड़ा प्रभाव जरूर देखने को मिलता है. यही कारण है कि इन्हें गुस्सा बहुत जल्दी आता है, लेकिन अच्छी बात यह है कि इनका गुस्सा पानी के बुलबुले की तरह होता है जो थोड़ी ही देर में शांत हो जाता है. ये लोग किसी के प्रति मन में बैर या नफरत लेकर नहीं चलते और जल्द ही सामने वाले को माफ कर देते हैं.
शुक्र ग्रह का जादू: हर कोई हो जाता है आकर्षित
अंक ज्योतिष में मूलांक 6 का स्वामी शुक्र होने के कारण जून में जन्मे लोगों की पर्सनालिटी में एक अलग ही निखार होता है. इनकी बातचीत करने की शैली और लुक इतना अट्रैक्टिव होता है कि लोग बहुत आसानी से इनकी तरफ खींचे चले आते हैं. ये अपने परिवार और दोस्तों से बेहद लगाव रखते हैं और रिश्तों को पूरी ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ निभाते हैं. इन्हें किसी भी तरह का वाद-विवाद या लड़ाई-झगड़ा पसंद नहीं होता, इसलिए ये हर जगह शांति और संतुलन (Harmony & Balance) बनाए रखने की कोशिश करते हैं.
दिमाग के तेज और काम निकलवाने में माहिर
जून में जन्मे लोग दिमाग के बहुत तेज और रणनीतिकार होते हैं. इनके भीतर एक खास खूबी होती है कि जो काम इन्हें खुद करना पसंद नहीं होता, उसे ये दूसरों से बहुत चतुराई और प्यार से निकलवा लेते हैं. इसके अलावा, ये बहुमुखी प्रतिभा (Multi-talented) के धनी होते हैं और इनके भीतर कई तरह की कलाएं छुपी होती हैं. इन्हें तरह-तरह के व्यंजन बनाने (Cooking) और दूसरों को बड़े चाव से खिलाने का विशेष शौक होता है. हालांकि, इनका मन थोड़ा विचित्र और रहस्यमयी होता है, जिसे समझ पाना हर किसी के बस की बात नहीं है.
भगवान विष्णु की विशेष कृपा: मुश्किलों में नहीं खोते धैर्य
धार्मिक मान्यताओं और सनातन परंपरा के अनुसार, जून का अधिकांश समय हिंदी कैलेंडर के ‘ज्येष्ठ मास’ से जुड़ा होता है. इस महीने में भगवान विष्णु की पूजा का विशेष महत्व है, इसलिए माना जाता है कि जून में पैदा होने वाले लोगों पर श्रीहरि का विशेष आशीर्वाद रहता है. जिस तरह भगवान विष्णु सृष्टि के पालनकर्ता हैं, उसी तरह ये लोग भी दूसरों का ख्याल रखने और जिम्मेदारी उठाने में सबसे आगे रहते हैं. ये लोग बड़ी से बड़ी मुश्किल परिस्थितियों में भी अपना धैर्य (Patience) नहीं खोते और शांत दिमाग से संकट का हल ढूंढ निकालते हैं. ये हमेशा ईमानदारी और धर्म की राह पर चलना पसंद करते हैं.
करियर और लाइफस्टाइल: बनते हैं ‘सेल्फ मेड पर्सन’
करियर के मामले में जून में जन्मे युवा बेहद भाग्यशाली और मेहनती होते हैं. ये आमतौर पर कुशल प्रशासनिक अधिकारी, मैनेजर, पेंटर, काउंसलर, टीचर या डॉक्टर के रूप में अपनी पहचान बनाते हैं. अगर इनके सितारे थोड़े भी अनुकूल हों, तो ये राजनीति (Politics) के क्षेत्र में भी सब पर छा जाने की ताकत रखते हैं. इन्हें अपनी जिंदगी में नाम, शोहरत और पैसा (Name, Fame & Money) सब कुछ भरपूर मिलता है. अपनी मेहनत के दम पर शून्य से शिखर तक पहुंचने के कारण इन्हें ‘सेल्फ मेड पर्सन’ कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा.
girls globe