रिश्तों की डिक्शनरी में जुड़ा नया शब्द वाइल्डफ्लॉवरिंग, जानें Gen Z क्यों हो रहे हैं इस खूबसूरत डेटिंग ट्रेंड के दीवाने

रिश्ता वही, सोच नई” यह टीवी चैनल की टैगलाइन तो आपने सालों से सुनी होगी, लेकिन आज के दौर में रिलेशनशिप की दुनिया पूरी तरह बदल चुकी है। बीते डेढ़-दो सालों में आपने घोस्टिंग (Ghosting), ब्रेडक्रम्बिंग (Breadcrumbing) और सिचुएशनशिप (Situationship) जैसे कई मॉडर्न शब्द सुने होंगे। अब इस मॉडर्न डेटिंग डिक्शनरी में एक और नया और बेहद खूबसूरत शब्द जुड़ गया है वाइल्डफ्लॉवरिंग’ (Wildflowering) ट्रेंड।

वर्ष 2026 का यह सबसे प्यारा और पॉजिटिव रिलेशनशिप ट्रेंड माना जा रहा है, जो खासकर जेन-जी (Gen Z) के बीच तेजी से पॉपुलर हो रहा है। अगर आपने अब तक इसके बारे में नहीं सुना है, तो आइए इस आर्टिकल में ‘वाइल्डफ्लॉवरिंग’ ट्रेंड को विस्तार से समझते हैं।

क्या है ‘वाइल्डफ्लॉवरिंग’ ट्रेंड?

रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स के अनुसार, यह सिर्फ कोई सामान्य डेटिंग ट्रेंड नहीं है, बल्कि रिश्तों को समझने, संवारने और जीने का एक नया जरिया है। इसमें कपल्स बिना किसी सामाजिक या व्यक्तिगत दबाव के अपने रिश्ते को धीरे-धीरे आगे बढ़ने का पूरा समय देते हैं।

यह शब्द ‘जंगली फूलों’ (Wildflowers) से प्रेरित है। जैसे जंगली फूल बिना किसी माली के, बिना रोज-रोज खाद-पानी या विशेष देखभाल के, अपने समय और माहौल के हिसाब से खुद-ब-खुद खूबसूरती से खिलते हैं; ठीक वैसे ही इस ट्रेंड में रिश्ते भी बिना किसी जबरदस्ती के अपने प्राकृतिक वेग से आगे बढ़ते हैं। उन्हें किसी तय सांचे में ढालने का प्रेशर नहीं दिया जाता।

इस ट्रेंड की सबसे बड़ी खासियत

अक्सर देखा जाता है कि लोग रिलेशनशिप में आते ही तुरंत फ्यूचर प्लानिंग, कमिटमेंट और शादी जैसे गंभीर विषयों पर बात करने लगते हैं। लेकिन ‘वाइल्डफ्लॉवरिंग’ में रिश्ते को फौरन कोई ‘टैग’ या नाम नहीं दिया जाता।

इसमें सबसे पहले इमोशनल कनेक्शन (भावनात्मक जुड़ाव) और आपसी समझ (Understanding) पर फोकस किया जाता है। कपल पहले एक-दूसरे के स्वभाव, विचारों और आदतों को गहराई से समझते हैं, उसके बाद ही भविष्य का कोई फैसला लेते हैं। सीधे शब्दों में कहें, तो यह रिश्तों को बिल्कुल सिंपल और नेचुरल रखने की वकालत करता है।

Gen Z को क्यों पसंद आ रहा है यह ट्रेंड?

आज की युवा पीढ़ी (Gen Z) दिखावे और जल्दबाजी वाले रिश्तों से दूर एक सुकून भरा रिश्ता चाहती है। इस ट्रेंड को पसंद करने के मुख्य 3 कारण हैं:

1. डेटिंग प्रेशर से बड़ी राहत

आजकल ऑनलाइन डेटिंग ऐप्स की वजह से लोग लगातार अनिश्चितता और मानसिक तनाव से गुजरते हैं। ऐसे में ‘वाइल्डफ्लॉवरिंग’ लोगों को रिश्ते में रहते हुए भी मानसिक शांति और आजादी का अहसास कराता है। यहां दिमाग पर ‘परफेक्ट पार्टनर’ बनने या दिखाने का कोई बोझ नहीं होता।

2. लुक्स नहीं, इमोशनल कनेक्शन पर जोर

इस ट्रेंड की खूबसूरती यह है कि इसमें फिजिकल अपीयरेंस, लुक्स या केवल रोमांस के बजाय गहरे भावनात्मक जुड़ाव को प्राथमिकता दी जाती है। इस तरह के रिश्ते की शुरुआत गहरी दोस्ती और अटूट भरोसे से होती है, जिससे प्यार की नींव बेहद मजबूत बनती है।

3. ‘सेल्फ लव’ और पर्सनल स्पेस के लिए पूरा टाइम

वाइल्डफ्लॉवरिंग की सबसे खास बात यह है कि आपका पार्टनर आपको वैसे ही स्वीकार करता है और पसंद करता है, जैसे आप असल में हैं। इसमें खुद को बदलने या पार्टनर की पसंद के हिसाब से खुद को ढालने का कोई बंधन नहीं होता। आपको अपनी हॉबीज, ‘सेल्फ केयर’ और खुद से प्यार करने का पूरा समय मिलता है। यानी “सीधी बात, नो बकवास” वाला फॉर्मूला।

क्या यह ‘स्लो डेटिंग’ (Slow Dating) का नया रूप है?

सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे ‘स्लो डेटिंग एरा’ (Slow Dating Era) का नाम भी दे रहे हैं। इसे लेकर इंटरनेट पर दो तरह की राय देखने को मिल रही है:

  • आलोचकों का मानना है कि जब आज के दौर में हर चीज इतनी फास्ट-फॉरवर्ड और रेस जैसी है, तो रिश्तों की रफ्तार इतनी धीमी क्यों होनी चाहिए?

  • समर्थकों का तर्क है कि कोई भी रिश्ता मजबूत समझ और धैर्य के बिना लंबा नहीं टिक सकता। इसलिए धीरे-धीरे आगे बढ़ना ही बेहतर है।

सबसे दिलचस्प बात यह है कि जिन डेटिंग ऐप्स को कभी ‘फास्ट रिलेशनशिप और हुकअप कल्चर’ के लिए जिम्मेदार माना जाता था, अब वही डिजिटल प्लेटफॉर्म भी लोगों को ज्यादा समझदारी, धैर्य और ‘वाइल्डफ्लॉवरिंग’ एप्रोच के साथ रिश्ते बनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।