
प्रयागराज: भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। वाराणसी के एक होटल में हुई इस रहस्यमयी मौत के करीब तीन साल बाद अब इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गायक समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह को नोटिस जारी किया है। आकांक्षा की मां मधु दुबे की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने यह कदम उठाया है। इस याचिका में पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच CBI से कराने की मांग की गई है। जस्टिस सिद्धार्थ और जस्टिस विनय कुमार द्विवेदी की पीठ ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों से जवाब तलब किया है।
पुलिस की थ्योरी पर सवाल: सुसाइड या सोची-समझी साजिश?
2023 में जब सारनाथ के एक होटल में आकांक्षा दुबे का शव मिला था, तब पुलिस ने इसे पहली नजर में आत्महत्या का मामला बताया था। हालांकि, आकांक्षा की मां शुरू से ही इसे हत्या करार दे रही हैं। उनका आरोप है कि समर सिंह और संजय सिंह उनकी बेटी को प्रताड़ित करते थे और उसकी मौत के पीछे इन्हीं दोनों का हाथ है। हाई कोर्ट में दाखिल याचिका में दलील दी गई है कि पुलिस ने जांच में कई महत्वपूर्ण पहलुओं को नजरअंदाज किया है, इसलिए दूध का दूध और पानी का पानी करने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच जरूरी है।
कोर्ट की सख्त चेतावनी: थानेदार को भी पेश होने का आदेश
अदालत ने न केवल आरोपियों को नोटिस भेजा है, बल्कि सारनाथ थाने के प्रभारी (SHO) को भी अपना जवाबी हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर अगली सुनवाई तक हलफनामा पेश नहीं किया गया, तो SHO को निजी तौर पर कोर्ट में हाजिर होना पड़ेगा। कोर्ट ने वाराणसी पुलिस कमिश्नर को भी इस आदेश का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी है। इस कड़ाई से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है, क्योंकि अब जांच की फाइलें दोबारा खुलेंगी और पुराने सबूतों को खंगाला जाएगा।
22 मई को होगी अगली सुनवाई, क्या खुलेंगे बंद राज?
आकांक्षा दुबे की मौत के बाद सोशल मीडिया पर उनका एक रोते हुए वीडियो वायरल हुआ था, जिसने उनके फैंस को झकझोर दिया था। समर सिंह को इस मामले में पहले जेल भी जाना पड़ा था, लेकिन बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। अब हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद इस केस में नई जान आ गई है। मामले की अगली सुनवाई 22 मई को तय की गई है। सबकी नजरें अब कोर्ट के अगले कदम पर टिकी हैं कि क्या यह मामला वाकई CBI के पास जाएगा या पुलिस को नई सिरे से जांच के आदेश दिए जाएंगे।
girls globe