
बालों का रूखापन (Dryness) दूर करने के लिए अक्सर लोग सिर में ढेर सारा तेल लगाने की सलाह देते हैं। लेकिन कई बार बार-बार तेल लगाने के बाद भी बाल फ्रिजी, बेजान और ड्राई ही नजर आते हैं। दरअसल, बालों का सूखापन सिर्फ तेल न लगाने की वजह से नहीं, बल्कि इसके पीछे कई अन्य गंभीर कारण होते हैं। मशहूर ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज हुसैन के अनुसार, तेल बालों को हाइड्रेट नहीं करता, बल्कि यह केवल नमी को लॉक करने का काम करता है। आइए जानते हैं कि तेल लगाने के बावजूद बाल क्यों रूखे रहते हैं और इस समस्या से कैसे निपटा जाए।
सबसे बड़ी गलतफहमी: तेल से नहीं मिलती बालों को नमी
ज्यादातर लोगों को लगता है कि हेयर ऑयल लगाने से बाल अंदर से मुलायम और हाइड्रेट होते हैं। एक्सपर्ट शहनाज हुसैन के मुताबिक, यह एक बड़ी गलतफहमी है। तेल सिर्फ बालों की मौजूदा नमी को ऊपर से लॉक करता है, वह बालों में नई नमी पैदा नहीं करता। इसलिए कभी भी बिल्कुल सूखे बालों में सीधे तेल न रगड़ें। बालों को हल्का गीला करके कंडीशनर लगाएं, फिर धोकर सीरम का इस्तेमाल करें ताकि बालों की नमी बरकरार रहे।
ज्यादा हेयर वॉश और सल्फेट का कहर
अगर आप हफ्ते में कई बार बाल धोते हैं, तो यह भी ड्राईनेस की एक मुख्य वजह हो सकती है। बार-बार शैंपू करने से स्कैल्प का नेचुरल ऑयल (सीबम) खत्म हो जाता है। इसके अलावा, बाजार में मिलने वाले ज्यादातर शैंपू में ‘सल्फेट’ जैसे हार्ड केमिकल्स होते हैं, जो बालों की बची-कुची नमी को भी पूरी तरह सोख लेते हैं और उन्हें झाड़ू जैसा बना देते हैं।
हीट स्टाइलिंग टूल्स का अंधाधुंध इस्तेमाल
आजकल बालों को स्टाइलिश दिखाने के लिए हेयर ड्रायर, स्ट्रेटनर और कर्लर का इस्तेमाल काफी बढ़ गया है। इन टूल्स से निकलने वाली तेज हीट बालों की बाहरी परत यानी क्यूटिकल को बुरी तरह डैमेज कर देती है। एक बार जब क्यूटिकल्स खराब हो जाते हैं, तो बाल बेजान और रफ दिखने लगते हैं। ऐसे डैमेज हो चुके बालों की मरम्मत अकेले हेयर ऑयल से मुमकिन नहीं है।
बढ़ता प्रदूषण और धूल-मिट्टी
धूल, मिट्टी और हवा में मौजूद प्रदूषण के कण भी बालों के सबसे बड़े दुश्मन हैं। जब आप लंबे समय तक बिना बालों को ढके धूप और प्रदूषण में रहते हैं, तो ये कण बालों की प्राकृतिक चमक और नमी को छीन लेते हैं। इससे बाल असमय रूखे और कमजोर होकर टूटने लगते हैं।
शरीर के अंदर पोषण की कमी
बालों की सेहत का सीधा संबंध आपकी डाइट से है। अगर आपके शरीर में आयरन, जिंक, विटामिन डी, ओमेगा-3 फैटी एसिड और बायोटिन जैसे जरूरी पोषक तत्वों की कमी है, तो आप बाहर से चाहे जितना तेल लगा लें, बाल अंदर से रफ और ड्राई ही रहेंगे। बालों को अंदर से मजबूत बनाने के लिए अपनी डाइट में हरी सब्जियां, नट्स और पौष्टिक चीजें शामिल करें।
girls globe