Dhamaal 4 Actress Anjali Anand: बॉडी शेमिंग और ट्रोल्स के गंदे कमेंट्स पर छलका अंजलि आनंद का दर्द, कहा- ‘दीपिका-ऐश्वर्या भी…’

टीवी जगत से बॉलीवुड तक अपनी पहचान बनाने वाली बेहतरीन एक्ट्रेस अंजलि आनंद इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘धमाल 4’ (Dhamaal 4) को लेकर चर्चा में हैं। हालांकि, फिल्म की रिलीज से पहले वे सोशल मीडिया पर अपने बॉडी टाइप और वजन को लेकर भयंकर ट्रोलिंग का शिकार हो रही हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में अंजलि ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी हाइट और प्लस-साइज (Plus-Size) बॉडी के कारण मिलने वाली चुनौतियों और रूढ़िवादी सोच पर खुलकर बात की है। एक्ट्रेस का मानना है कि इंडस्ट्री में आज भी प्लस-साइज कलाकारों को सिर्फ कॉमेडी या किसी का मजाक उड़ाने वाले किरदारों तक ही सीमित कर दिया जाता है।

‘बेल बॉटम’ के रोल को याद कर जाहिर की निराशा

अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘बेल बॉटम’ से अपना फिल्मी डेब्यू करने वाली अंजलि ने अपने उस छोटे से रोल को याद करते हुए एक हैरान करने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया, “मुझे ‘बेल बॉटम’ में सिर्फ इसलिए कास्ट किया गया था ताकि एक आतंकवादी मेरे ऊपर आकर गिर सके और पकड़ा जाए।” अंजलि ने माना कि बार-बार सिर्फ शरीर के आकार की वजह से ऐसे रोल मिलना बेहद निराशाजनक होता है, क्योंकि मेकर्स यह देखने की कोशिश ही नहीं करते कि सामने वाला एक अच्छा एक्टर है भी या नहीं।

‘धमाल 4’ में काम करने पर उठे सवाल, तो दिया करारा जवाब

अंजलि आनंद को ‘धमाल 4’ में कास्ट किए जाने के बाद कुछ दर्शकों ने उन पर सवाल उठाए कि जो एक्ट्रेस खुद बॉडी शेमिंग के खिलाफ इतनी मुखर रही है, वह ऐसी कॉमेडी फिल्म का हिस्सा कैसे बन सकती है जिसमें मोटापे का मजाक उड़ाने वाले जोक्स हो सकते हैं। इस आलोचना का जवाब देते हुए अंजलि ने कहा, “लोग मुझसे पूछते हैं कि मैं यह फिल्म कैसे कर सकती हूं। लेकिन कड़वा सच यह है कि समाज की सोच आज भी ऐसी ही है। खुद को साबित करने के बाद भी लोग मेरा ऑनलाइन मजाक उड़ा रहे हैं और गंदे कमेंट्स कर रहे हैं।”

ट्रोल्स ने पार की मर्यादा: ‘किस भैंस को ले लिया…’

सोशल मीडिया पर मिलने वाली गालियों और भद्दे कमेंट्स का खुलासा करते हुए अंजलि ने बताया कि लोग इंटरनेट पर लिख रहे हैं—‘किस भैंस को ले लिया’, ‘रितेश देशमुख के क्या दिन आ गए थे कि इसको इस हीरोइन के साथ काम करना पड़ रहा है’, या ‘इंडस्ट्री के क्या दिन आ गए, हीरोइनें नहीं बची हैं क्या’। अंजलि ने दो टूक कहा कि जब तक हमारा समाज अपनी सोच नहीं बदलेगा, तब तक फिल्मों की स्क्रिप्ट और राइटर्स का नजरिया भी नहीं बदलेगा।

जब शाहरुख-अमिताभ की आलोचना हो सकती है, तो मैं क्या चीज हूं?

दुनिया और ट्रोल्स के तानों पर बेबाकी से जवाब देते हुए अंजलि ने कहा कि लोगों की यह नकारात्मक आलोचना सिर्फ प्लस-साइज एक्टर्स तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा, “ट्रोल्स के तय मानकों पर तो मैं क्या, देश के सबसे बड़े स्टार्स भी खरे नहीं उतरते। उनके लिए तो दीपिका पादुकोण और ऐश्वर्या राय भी काफी नहीं हैं। यहां तक कि शाहरुख खान और अमिताभ बच्चन को भी अपने जीवन में भारी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। यह बस वो खाली लोग हैं जो सिर्फ इसलिए अपनी राय देते हैं क्योंकि उनके पास सोशल मीडिया है। उनकी घटिया सोच से आपकी असलियत नहीं बदल सकती।”