EPFO ATM Withdrawal: अब चुटकियों में निकलेगा PF का पैसा ,जल्द मिलेगी ATM और UPI से निकासी की सुविधा

नई दिल्ली। नौकरीपेशा लोगों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) एक ऐसी खुशखबरी लेकर आया है, जो करोड़ों सब्सक्राइबर्स की राह आसान कर देगी। अब पीएफ खाते से पैसा निकालने के लिए आपको दफ्तरों के चक्कर काटने या लंबी कागजी कार्रवाई के बोझ तले दबने की जरूरत नहीं होगी। सरकार की नई योजना के तहत, जल्द ही आप अपने नजदीकी ATM या UPI के जरिए अपने पीएफ खाते से नकदी निकाल सकेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस शानदार सुविधा की शुरुआत मई 2026 के अंत तक हो सकती है।

EPFO 3.0: डिजिटल क्रांति से बदलेगा पीएफ का स्वरूप

ईपीएफओ के डिजिटल ढांचे को पूरी तरह आधुनिक बनाने के लिए ‘EPFO 3.0’ प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पीएफ से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को यूजर-फ्रेंडली और पारदर्शी बनाना है। उम्मीद जताई जा रही है कि मिड-2026 तक यह सिस्टम पूरी तरह लागू हो जाएगा। इसमें फंड ट्रांसफर, ऑटो-क्लेम सेटलमेंट और कर्मचारियों की पसंद के बैंक अकाउंट में सीधे पैसा भेजने जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जो अब तक की सबसे बड़ी राहत साबित होंगी।

कैसे काम करेगा पीएफ एटीएम और यूपीआई सिस्टम?

एटीएम और यूपीआई के जरिए पैसा निकालने का विकल्प EPFO 3.0 का ही एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। रिपोर्टों के मुताबिक, ईपीएफओ अपने मेंबर्स के लिए विशेष ATM कार्ड जारी करने की योजना बना रहा है, जो सीधे आपके पीएफ अकाउंट से लिंक होगा। इससे सब्सक्राइबर किसी भी एटीएम पर जाकर जरूरत के हिसाब से नकदी निकाल सकेगा। इसके अलावा, यूपीआई के जरिए भुगतान और निकासी को भी आसान बनाया जाएगा, जिससे मेडिकल इमरजेंसी या अन्य जरूरतों में फंड तुरंत उपलब्ध हो सके।

निकासी के लिए जरूरी शर्तें और लिमिट

भले ही एटीएम से पैसा निकालना आसान हो जाए, लेकिन ईपीएफओ इसके लिए कुछ नियम और सीमाएं तय करेगा। संभावना है कि यूपीआई या एटीएम के जरिए निकासी की अधिकतम सीमा आपके कुल पीएफ बैलेंस का 50 प्रतिशत तक ही सीमित रखी जाएगी। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए आपका UAN (Universal Account Number) एक्टिव होना अनिवार्य है। साथ ही, आपका केवाईसी (KYC) अपडेट होना चाहिए और यूएएन के साथ आधार, पैन, बैंक खाता और आईएफएससी कोड का लिंक होना जरूरी है।

क्लेम सेटलमेंट में ईपीएफओ ने बनाया नया रिकॉर्ड

केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने हाल ही में जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025–26 में ईपीएफओ ने रिकॉर्ड 8.31 करोड़ क्लेम का सेटलमेंट किया है। यह आंकड़ा पिछले साल के 6.01 करोड़ से काफी अधिक है। सबसे खास बात यह रही कि लगभग 71.11 प्रतिशत एडवांस क्लेम को ‘ऑटो मोड’ के जरिए महज 3 दिन के भीतर निपटाया गया, जो ईपीएफओ की बदलती कार्यप्रणाली का प्रमाण है।