Tuesday , September 1 2026

The Great Indian Kapil Show: समय रैना के रोस्ट पर अब छलका सुनील पाल का दर्द

मुंबई। ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का लेटेस्ट एपिसोड सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वर्ल्ड लाफ्टर डे के मौके पर कपिल शर्मा के घर तीन ऐसी शख्सियतें पहुंचीं, जो अपने विवादों और अलग अंदाज के लिए जानी जाती हैं समय रैना, रणवीर इलाहाबादिया और सुनील पाल। शो के दौरान समय रैना ने सुनील पाल को जमकर रोस्ट किया, जिसे दर्शकों ने तो खूब एन्जॉय किया, लेकिन अब सुनील पाल के एक इंटरव्यू ने इस हंसी-मजाक के पीछे की कड़वाहट को उजागर कर दिया है।

‘धोखा तो नहीं, पर जो सोचा था वो नहीं हुआ’

सुनील पाल ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि वह शो के दौरान जो कुछ भी हुआ, उसके लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थे। सुनील ने बताया, “मुझे बताया गया था कि शो में समय और रणवीर होंगे और मुझे वहां स्टैंडअप परफॉर्म करना है। मैं अपनी तैयारी करके गया था, लेकिन वहां स्टैंडअप हुआ ही नहीं। इसकी जगह जो हुआ, उसके लिए मैं तैयार नहीं था।” उन्होंने आगे कहा कि वह इसे ‘धोखा’ तो नहीं कहेंगे, लेकिन उनके साथ वह नहीं हुआ जिसकी उन्होंने उम्मीद की थी।

बदल गए सुनील पाल के सुर?

हैरानी की बात यह है कि एपिसोड टेलीकास्ट होने के ठीक बाद सुनील पाल का रुख काफी सकारात्मक था। तब उन्होंने कहा था कि कॉमेडी शो में एक-दूसरे की टांग खींचना सामान्य बात है और उन्हें समय की बातें अपमानजनक नहीं लगीं। लेकिन अब उनके ताजा बयान से साफ है कि कैमरे के पीछे वह इस रोस्टिंग से असहज महसूस कर रहे थे।

जेन-जी (Gen-Z) कॉमेडी और गालियों पर आपत्ति

सुनील पाल ने स्पष्ट किया कि उनकी किसी से निजी दुश्मनी नहीं है, बल्कि यह ‘विचारों की लड़ाई’ है। उन्होंने समय रैना सहित तमाम नए दौर के कॉमेडियन्स पर निशाना साधते हुए कहा, “मुझे उन जेन-जी कॉमेडियन्स से दिक्कत है जो सिर्फ गालियों के भरोसे कॉमेडी करते हैं। अगर आपके पास टैलेंट, शिक्षा और बड़े प्लेटफॉर्म्स हैं, तो आपका कंटेंट बेहतर होना चाहिए।”

क्या थी समय-सुनील कॉन्ट्रोवर्सी की जड़?

आपको बता दें कि इन दोनों के बीच विवाद पुराना है। पिछले साल समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ में रणवीर इलाहाबादिया के माता-पिता पर किए गए एक कमेंट के बाद सुनील पाल ने समय को सोशल मीडिया पर काफी भला-बुरा कहा था। मामला इतना बढ़ गया था कि सुनील ने उनके लिए ‘आतंकवादी’ जैसे कड़े शब्दों का भी इस्तेमाल कर दिया था। कपिल के शो पर दोनों का आमना-सामना इसी कड़वाहट को खत्म करने की एक कोशिश थी, जो अब एक नई बहस में तब्दील होती दिख रही है।