SSC का बड़ा उलटफेर Phase 14 में पद बढ़े पर आवेदक हुए आधे से भी कम RTI के खुलासे से छात्र हैरान

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा आयोजित की जाने वाली ‘सेलेक्शन पोस्ट फेज-14 भर्ती 2026’ को लेकर एक ऐसा चौंकाने वाला और बेहद दुर्लभ आंकड़ा सामने आया है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। सामान्य तौर पर सरकारी नौकरियों में यह देखा जाता है कि जब भी किसी भर्ती में पदों की संख्या बढ़ती है, तो आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की कतार भी लंबी हो जाती है। लेकिन इस बार एसएससी फेज-14 भर्ती में इसका बिल्कुल उलट देखने को मिला है। इस साल वैकेंसी बढ़ने के बावजूद आवेदन करने वाले युवाओं की संख्या पिछले साल के मुकाबले आधी से भी कम रह गई है।

इस सनसनीखेज आंकड़े का खुलासा एक अभ्यर्थी द्वारा सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मांगी गई जानकारी के जवाब में स्वयं कर्मचारी चयन आयोग ने किया है। आयोग के आधिकारिक जवाब के मुताबिक, इस वर्ष इस पूरी भर्ती प्रक्रिया के लिए देशभर से कुल 11,22,086 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं।

पिछले साल से तुलना: सिर्फ 38% रह गए आवेदक

यदि हम कर्मचारी चयन आयोग के पिछले साल के आंकड़ों से इस साल की तुलना करें, तो यह अंतर किसी को भी हैरान कर सकता है:

भर्ती का नाम (वर्ष) कुल विज्ञापित पद (Vancancies) प्राप्त कुल आवेदन (Total Applications)
फेज-13 भर्ती (2025) 2,423 पद 29,40,175 आवेदन
फेज-14 भर्ती (2026) 3,003 पद 11,22,086 आवेदन

साफ तौर पर देखा जाए तो इस साल पदों की संख्या में 500 से ज्यादा की बढ़ोतरी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद आवेदकों की कुल संख्या पिछले साल के मुकाबले महज 38 फीसदी पर ही आकर सिमट गई है।

शैक्षणिक योग्यता: किस लेवल पर आए कितने आवेदन?

एसएससी ने केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और अधीनस्थ कार्यालयों में ग्रुप ‘सी’ के अराजपत्रित व गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती के लिए 13 मई तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए थे। आयोग द्वारा आरटीआई में साझा किए गए डेटा के अनुसार, अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता के स्तर पर आवेदनों का लेखा-जोखा कुछ इस प्रकार है:

  • 12वीं (इंटरमीडिएट) स्तर के पद: इस वर्ग में सबसे ज्यादा मुकाबला देखने को मिलेगा, क्योंकि यहाँ कुल 4,37,771 अभ्यर्थियों ने फॉर्म सबमिट किया है।

  • 10वीं (मैट्रिक) स्तर के पद: इस स्तर के पदों के लिए कुल 4,27,218 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई है।

  • स्नातक (ग्रेजुएशन) व उच्च स्तर के पद: इस उच्च श्रेणी में सबसे कम यानी केवल 2,57,097 आवेदन ही आयोग को मिले हैं।

SSC Phase 14 Category-Wise Vacancy 2026: वर्गवार पदों का पूरा विवरण

वर्तमान में जारी किए गए कुल 3,003 पदों को अलग-अलग श्रेणियों और वर्गों में इस प्रकार विभाजित किया गया है:

  • अनारक्षित वर्ग (General/UR): 1,534 पद

  • ओबीसी वर्ग (OBC): 667 पद

  • अनुसूचित जाति (SC): 346 पद

  • ईडब्ल्यूएस वर्ग (EWS): 271 पद

  • अनुसूचित जनजाति (ST): 185 पद

कंपटीशन होगा कम, चयन की राह आसान: कर्मचारी चयन आयोग ने अपने नोटिफिकेशन में यह भी साफ कर दिया है कि प्रशासनिक आवश्यकताओं और विभागों की मांग के अनुसार इन पदों की अंतिम संख्या में आगे चलकर बदलाव (कमी या बढ़ोतरी) किया जा सकता है। परीक्षा के जानकारों का मानना है कि आवेदकों की संख्या में आई इस भारी गिरावट के कारण इस बार परीक्षा हॉल में प्रतिस्पर्धा (Competition) काफी कम रहने वाली है। ऐसे में जो भी छात्र पूरी गंभीरता और निरंतरता के साथ तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए इस बार केंद्र सरकार में सरकारी नौकरी पाने की राह बेहद आसान हो सकती है।