
राजधानी देहरादून में वीकेंड पर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए दून पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ा अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर “नाइट स्ट्राइक” अभियान के तहत प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात सघन चेकिंग और छापेमारी की गई, जिसमें कई अहम खुलासे हुए।
देहरादून में देर रात पुलिस का एक्शन
लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने सख्त रुख अपनाया और नगर क्षेत्र के सभी अधिकारियों और पुलिस बल को असामाजिक तत्वों, हुड़दंगियों और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देशों पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में प्रेमनगर थाना क्षेत्र में होटल, रिसोर्ट, हॉस्टल और पीजी में एक साथ छापेमारी की गई।
देहरादून के होराइजन रिजॉर्ट में पुलिस का छापा
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने पूरे प्रेमनगर क्षेत्र में औचक छापेमारी की। होटल, रिसोर्ट, रेस्टोरेंट, पब, बार, हॉस्टल और पीजी का निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। वहीं देर रात तक बेवजह घूम रहे संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर उन्हें थाने लाकर सत्यापन भी किया गया। चेकिंग के दौरान कोटड़ा संतूर स्थित होराइजन रिजॉर्ट में पुलिस ने छापा मारा, जहां अवैध रूप से शराब परोसी जा रही थी। मौके से रिजॉर्ट संचालक अमृतदीप (22) निवासी गढ़ी कैंट को गिरफ्तार किया गया। साथ ही उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
13 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत की चालानी कार्रवाई
वहीं मौके पर शराब पी रहे 13 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में शराब, बीयर कैन, हुक्का फ्लेवर और अन्य सामग्री भी बरामद की। पुलिस का यह अभियान केवल शहर तक सीमित नहीं है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों, हॉस्टल और पीजी में माहौल खराब करने वाले छात्रों को चिन्हित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सार्वजनिक स्थानों, होटल, पब और बार में अवैध रूप से शराब पीने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाने को कहा गया है।
girls globe