दिल्ली दौरे में CM: केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री से की मुलाकात, राज्य के लिए की ये मांग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान सीएम ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में मुलाकात की। सीएम ने केंद्रीय मंत्री से उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदाजन्य संवेदनशीलता के दृष्टिगत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

सीएम धामी ने की केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री से मुलाकात

सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि चारधाम यात्रा के निर्बाध, सुरक्षित और सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए, कमर्शियल LPG सिलेंडरों की आपूर्ति को उसके पिछले स्तर यानी 100 प्रतिशत पर ही बनाए रखा जाए। सीएम ने बताया कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं, जिसके कारण कमर्शियल LPG की मांग में भारी वृद्धि हो जाती है। इस अवधि के दौरान, राज्य को लगभग 967,949 कमर्शियल LPG सिलेंडरों की आवश्यकता होती है।

आगामी मानसून को लेकर भी की सिलेंडरों की मांग

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को हर साल जून से सितंबर तक चलने वाले मॉनसून की अवधि में प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। पहाड़ी इलाक़े और मुश्किल हालात को देखते हुए, आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में LPG की भूमिका बेहद अहम हो जाती है। इसी संदर्भ में, उन्होंने राहत और बचाव कार्यों को असरदार और तेज़ी से पूरा करने के लिए कमर्शियल सिलेंडरों का 5 प्रतिशत अतिरिक्त आवंटन (लगभग 48,397 सिलेंडर) करने का अनुरोध किया।

केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री की मांगों पर दिया कार्रवाई का आश्वासन

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से पर्यटन पर आधारित है, जिसमें धार्मिक पर्यटन, तीर्थयात्रा और साहसिक पर्यटन का महत्वपूर्ण योगदान है। चारधाम यात्रा राज्य की आस्था, सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक गतिविधियों का मुख्य आधार है। केंद्रीय मंत्री ने सीएम द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया ।