
केशव प्रसाद मौर्य जी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित उत्पादों एवं नवाचारों की जानकारी ली। श्री मौर्य ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश की दीदियों को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और उद्यमी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय से वार्ता कर उत्तर प्रदेश के प्रत्येक गांव में महिला स्वयं सहायता समूहों को गैस एजेंसी एवं सिलेंडर वितरण व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इससे गांव की महिलाओं के लिए आय के नए और स्थायी अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से प्रदेश में 11.21 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों, 66,002 ग्राम संगठनों तथा 3,297 संकुल स्तरीय संघों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। लगभग 1.31 करोड़ ग्रामीण परिवारों की महिलाओं को सामाजिक एवं वित्तीय समावेशन तथा कृषि एवं गैर-कृषि आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘लखपति दीदी’ के संकल्प को साकार करते हुए उत्तर प्रदेश की ग्रामीण महिलाएं उत्पादन से लेकर विपणन और निर्यात तक अपनी भूमिका मजबूत कर रही हैं। हमारा लक्ष्य है—बेहतर उत्पाद, बेहतर गुणवत्ता, बेहतर पैकेजिंग, मजबूत ब्रांड और व्यापक बाजार पहुंच के साथ महिला उद्यमियों की बढ़ती आय।
girls globe