
नई दिल्ली, बिजनेस ब्यूरो। आज से साल के छठे महीने यानी जून की शुरुआत हो गई है। हर महीने की पहली तारीख की तरह इस बार भी 1 जून से देश में कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम आदमी के बजट और जेब पर पड़ने वाला है। इस महीने तेल कंपनियों ने कमर्शियल और छोटू सिलेंडर की कीमतों में इजाफा कर ग्राहकों को झटका दिया है, तो वहीं हुंडई की कारें भी आज से महंगी हो गई हैं। इसके अलावा हवाई सफर, एडवांस टैक्स, यूपीआई ट्रांजैक्शन और आधार कार्ड से जुड़े नियमों में भी बड़े फेरबदल किए गए हैं। आइए जानते हैं इन सभी बदलावों के बारे में विस्तार से।
एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भारी उछाल, लगातार 7वीं बार बढ़े दाम
सरकारी तेल कंपनियों ने 1 जून की सुबह ही आम जनता को बड़ा झटका देते हुए 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 53.50 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में यह लगातार सातवीं बार की गई बढ़ोतरी है। इस बदलाव के बाद दिल्ली में इसकी कीमत 42 रुपये बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई है। कोलकाता में यह 53.50 रुपये की उछाल के साथ 3,255.50 रुपये पर पहुंच गया है। वहीं मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर अब 3,067.50 रुपये और चेन्नई में 3,283 रुपये का मिलेगा। इसके साथ ही घरेलू उपयोग में आने वाले ‘छोटू सिलेंडर’ की कीमत में भी 11 रुपये की वृद्धि की गई है।
UPI पेमेंट का नया नियम, फ्रॉड रोकने के लिए स्क्रीन पर दिखेगा असली नाम
अगर आप गूगल पे, फोन पे या पेटीएम जैसे डिजिटल माध्यमों से यूपीआई (UPI) ट्रांजैक्शन करते हैं, तो आज से एक बड़ा और सुरक्षित बदलाव होने जा रहा है। नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने ऑनलाइन धोखाधड़ी को रोकने के लिए नया नियम लागू किया है। इसके तहत अब जैसे ही आप किसी का क्यूआर कोड (QR Code) स्कैन करेंगे या मोबाइल नंबर डालेंगे, तो स्क्रीन पर उस व्यक्ति का बैंक खाते में रजिस्टर्ड असली नाम दिखाई देगा। इससे गलत खाते में पैसे ट्रांसफर होने और यूपीआई से होने वाले फ्रॉड पर लगाम लगेगी।
एटीएम से पैसे निकालना पड़ सकता है महंगा, मुफ्त सीमा में शामिल हुआ UPI
डिजिटल दौर में बिना डेबिट कार्ड के एटीएम से पैसे निकालने वाले ग्राहकों के लिए एक जरूरी अपडेट है। अब यूपीआई-आधारित कार्डलेस एटीएम निकासी (UPI-based Cardless ATM Withdrawal) को भी बैंकों द्वारा दी जाने वाली मासिक मुफ्त निकासी सीमा (Monthly Free Limit) में शामिल किया जाएगा। इसका सीधा मतलब यह है कि यदि आप अपने बैंक की निर्धारित मुफ्त लेनदेन की सीमा को पार करते हैं, तो आपको डेबिट कार्ड की तरह ही अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
करदाताओं के लिए 15 जून की तारीख बेहद अहम, चुकाना होगा एडवांस टैक्स
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए करदाताओं को अपनी जेब ढीली करनी होगी। आगामी 15 जून तक एडवांस टैक्स (अग्रिम कर) की पहली किस्त जमा करने की आखिरी तारीख है। जिन करदाताओं की कुल टैक्स देनदारी 10,000 रुपये से अधिक बनती है, उन्हें 15 जून तक अपने अनुमानित टैक्स का 15 प्रतिशत हिस्सा अनिवार्य रूप से भुगतान करना होगा। यदि आप इस समयसीमा को चूक जाते हैं, तो आपको प्रति माह 1 प्रतिशत की दर से ब्याज का जुर्माना देना पड़ सकता है।
RBI की एमपीसी बैठक पर टिकी नजरें, होम लोन की EMI और FD रिटर्न पर होगा असर
जून के महीने में देश के आर्थिक नीति के लिहाज से सबसे बड़ी घटना भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक होगी। यह हाई-प्रोफाइल बैठक 3 से 5 जून के बीच आयोजित होने वाली है। हालांकि बाजार इस बात को लेकर बंटा हुआ है कि केंद्रीय बैंक इस बार रेपो रेट में कोई बदलाव करेगा या नहीं, लेकिन महंगाई, आर्थिक विकास और लिक्विडिटी की स्थिति पर आरबीआई के बयान बेहद महत्वपूर्ण होंगे। इस बैठक से मिलने वाले संकेतों का सीधा असर आने वाले दिनों में आपके होम लोन की ईएमआई (EMI), फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के रिटर्न और बैंकों की उधारी लागत पर पड़ेगा।
फ्यूल एक्सपोर्ट पर विंडफॉल टैक्स में बड़ी कटौती, निर्यात शुल्क घटे
केंद्र सरकार ने घरेलू स्तर पर राहत देते हुए फ्यूल एक्सपोर्ट पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में कटौती का ऐलान किया है। इसके तहत पेट्रोल, डीजल और एटीएफ (विमान ईंधन) पर लगने वाली एक्सपोर्ट ड्यूटी घटा दी गई है। नई व्यवस्था के अनुसार, पेट्रोल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी को 3 रुपये से घटाकर 1.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। वहीं डीजल पर यह ड्यूटी 13.5 रुपये और एटीएफ पर 9.5 रुपये प्रति लीटर लागू होगी।
मुफ्त आधार अपडेट की डेडलाइन नजदीक, 14 जून के बाद लगेगा चार्ज
अगर आपके आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि या कोई अन्य जानकारी गलत है, तो उसे तुरंत ठीक करवा लें। ऑनलाइन आधार कार्ड को मुफ्त में अपडेट करने की सुविधा इस महीने समाप्त हो रही है। इसकी अंतिम तारीख 14 जून तय की गई है। इस डेडलाइन के बीत जाने के बाद यदि आप ऑनलाइन अपडेट करते हैं तो आपको 25 रुपये और यदि आप आधार केंद्र (Aadhaar Centre) पर जाकर ऑफलाइन अपडेट कराते हैं तो 50 रुपये तक की फीस चुकानी होगी।
हुंडई की कारें खरीदना हुआ महंगा, नई कीमतें आज से लागू
ऑटोमोबाइल सेक्टर से आ रही खबर के मुताबिक, अगर आप इस महीने हुंडई (Hyundai) की नई कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो आपको अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी होगी। हुंडई मोटर इंडिया ने लगातार बढ़ती इनपुट कॉस्ट और ऑपरेशनल खर्चों का हवाला देते हुए अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से कीमतों में 12,800 रुपये तक की बढ़ोतरी का फैसला किया है, जो आज यानी 1 जून से प्रभावी हो गया है।
पैन कार्ड के नियमों में बड़ा फेरबदल, ट्रांजैक्शन की सीमाएं बदलीं
आयकर विभाग ने काले धन और बड़े लेन-देन पर निगरानी रखने के इरादे से पैन (PAN) कार्ड से जुड़े नियमों में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। पहले के नियम के मुताबिक 50,000 रुपये से ज्यादा कैश जमा करने पर पैन कार्ड देना अनिवार्य होता था, लेकिन नए आयकर नियमों के तहत अब इस शर्त को हटा दिया गया है। इसके विपरीत, प्रॉपर्टी मार्केट में पारदर्शिता लाने के लिए संपत्ति या जमीन की खरीद पर पैन कार्ड दिखाने की सीमा को 10 लाख रुपये से सीधे बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दिया गया है।
हवाई सफर के किराए में आ सकती है तेजी, घरेलू उड़ानों में कटौती
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे ईरान युद्ध के कारण वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। क्रूड ऑयल महंगा होने की वजह से विमान ईंधन (ATF) के दाम भी आसमान छू रहे हैं, जिससे विमानन कंपनियों पर वित्तीय बोझ बढ़ गया है। इसी के चलते एयर इंडिया (Air India) और इंडिगो (Indigo) ने 1 जून से अपनी घरेलू उड़ानों की संख्या में कटौती करने का फैसला किया है। उड़ानों में की गई यह कटौती अगले 90 दिनों तक जारी रह सकती है, जिसके कारण आने वाले दिनों में हवाई टिकटें काफी महंगी होने की आशंका है।
girls globe