गोरखपुर जाने वाले रेल यात्रियों को बड़ा झटका, 8 जून तक जंक्शन नहीं जाएंगी कई एक्सप्रेस ट्रेनें

गोरखपुर और पूर्वांचल की तरफ यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए भीषण गर्मी के बीच एक बेहद जरूरी और परेशान करने वाली खबर है। अगर आप अगले कुछ दिनों में गोरखपुर जंक्शन आने या वहां से कहीं जाने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें। गोरखपुर जंक्शन पर प्लेटफॉर्म संख्या 7 और 8 पर नए पैदल उपरिगामी पुल (फुट ओवर ब्रिज – FOB) के निर्माण कार्य के लिए रेलवे द्वारा एक बड़ा ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है। इस मेगा ब्लॉक के कारण अगले कुछ दिनों तक कई प्रमुख ट्रेनें गोरखपुर जंक्शन तक नहीं जाएंगी। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेनों को ‘शॉर्ट टर्मिनेट’ (रास्ते में रोकना) और ‘शॉर्ट ओरिजिनेट’ (दूसरे स्टेशन से चलाना) करने का फैसला किया है। गर्मी की छुट्टियों में परिवार के साथ घर लौट रहे लोगों को इस फैसले से थोड़ी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

इन तारीखों में गोरखपुर नहीं जाएंगी ये ट्रेनें: कैंट, भटनी और मऊ तक ही सफर

पूर्वोत्तर रेलवे (वाराणसी मंडल) के जनसम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार के अनुसार, निर्माण कार्य के चलते ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान प्रभावित होने वाली ट्रेनों का शेड्यूल इस प्रकार रहेगा:

गोरखपुर कैंट पर रुकने और वहीं से चलने वाली ट्रेनें:

  • बनारस-गोरखपुर एक्सप्रेस: 29 मई से 7 जून तक यह ट्रेन गोरखपुर जंक्शन न जाकर गोरखपुर कैंट स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी और वहीं से वापस बनारस के लिए रवाना होगी।

  • अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस: 29, 30, 31 मई और 2, 3, 4, 5, 6 व 7 जून को यह ट्रेन केवल गोरखपुर कैंट स्टेशन तक ही आएगी।

  • गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस: 30, 31 मई और 1, 3, 4, 5, 6, 7 व 8 जून को यह गाड़ी गोरखपुर जंक्शन के बजाय गोरखपुर कैंट स्टेशन से अपने निर्धारित समय रात 21.40 बजे चलाई जाएगी।

  • बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर हमसफर एक्सप्रेस: 1 जून को यह ट्रेन भी केवल गोरखपुर कैंट तक ही जाएगी और अपनी वापसी यात्रा वहीं से शुरू करेगी।

भटनी और मऊ स्टेशनों तक सीमित रहने वाली ट्रेनें:

  • एलटीटी-गोरखपुर एक्सप्रेस (मुंबई): 3 जून को मुंबई से आने वाली यह ट्रेन गोरखपुर जंक्शन के बजाय भटनी स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त (शॉर्ट टर्मिनेट) कर देगी।

  • गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस: 5 जून को यह ट्रेन गोरखपुर जंक्शन के स्थान पर भटनी स्टेशन से (शॉर्ट ओरिजिनेट) मुंबई के लिए रवाना होगी।

  • पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस: 28 मई और 4 जून को पुणे से आने वाली यह ट्रेन गोरखपुर न आकर केवल मऊ स्टेशन तक ही जाएगी।

  • दादर-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन: 28, 30, 31 मई और 2 व 4 जून को दादर से चलने वाली यह विशेष गाड़ी केवल मऊ स्टेशन तक ही आएगी।

  • गोरखपुर-दादर विशेष गाड़ी: 30 मई, 1, 2, 4 और 6 जून को यह ट्रेन गोरखपुर जंक्शन के बजाय मऊ स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेगी।

भीषण गर्मी में ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री बेहाल: गोंदिया-बरौनी 13 घंटे लेट

एक तरफ जहां रूट डायवर्जन और शॉर्ट टर्मिनेशन ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं विभिन्न रेलखंडों पर चल रहे ऑपरेशनल कार्यों और रीशेड्यूलिंग की वजह से ट्रेनों की भीषण लेटलतीफी का सिलसिला भी जारी है। तपती गर्मी में घंटों लेट चल रही ट्रेनों के कारण यात्रियों का सफर बेहद मुश्किल हो रहा है। कैंट रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से रिकॉर्ड 13 घंटे की देरी से चल रही थी, जो यात्रियों के लिए भारी मुसीबत बनी।

इसके अलावा अन्य प्रमुख ट्रेनों की लेटलतीफी का हाल कुछ ऐसा रहा:

  • चंडीगढ़-धनबाद फेयर स्पेशल – 9.15 घंटे लेट

  • आनंद विहार टर्मिनल-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस – 6 घंटे लेट

  • अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल – 4 घंटे लेट

  • धनबाद-दिल्ली फेयर स्पेशल – 3.45 घंटे लेट

  • दादर सेंट्रल-बलिया स्पेशल – 3.15 घंटे लेट

वैक्यूम प्रेशर की खराबी से 3 घंटे ट्रैक पर खड़ी रही लिच्छवी एक्सप्रेस

ट्रेनों की लेटलतीफी के बीच तकनीकी खामियों ने भी यात्रियों की परीक्षा ली। आनंद विहार टर्मिनल से सीतामढ़ी जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या-14006) के एस-1 (S-1) कोच में अचानक वैक्यूम प्रेशर में गड़बड़ी (लो प्रेशर) आ गई। इस तकनीकी खराबी के चलते ट्रेन कछवां रोड और कैंट स्टेशन के बीच करीब तीन घंटे तक खड़ी रही। कछवां रोड स्टेशन पर दो घंटे से ज्यादा समय तक खड़े रहने के बाद पूर्वोत्तर रेलवे के यांत्रिक विभाग और कैरेज एंड वैगन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बोगी के प्रेशर की गड़बड़ी को दूर किया, जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया जा सका।