
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के एकदिवसीय दौरे पर रहने वाले हैं। अपने इस खास दौरे के दौरान वह दोनों राज्यों को इंफ्रास्ट्रक्चर, सेमीकंडक्टर, रिन्यूएबल एनर्जी और आधुनिक रोड कनेक्टिविटी से जुड़े लगभग 18,000 करोड़ रुपये के बड़े प्रोजेक्ट्स की सौगात देने जा रहे हैं। इस दौरे से ठीक पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि आंध्र प्रदेश के भोगापुरम में अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन होने जा रहा है, जो व्यापार, पर्यटन और आधुनिक कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयां देगा। आइए जानते हैं प्रधानमंत्री के इस पूरे दौरे के 5 सबसे बड़े और खास हाइलाइट्स।
1. 5,000 करोड़ के इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन
प्रधानमंत्री सुबह सबसे पहले अमरावती पहुंचेंगे और फिर विजयनगरम जिले के भोगापुरम जाएंगे। यहां वे लगभग 5,000 करोड़ रुपये की लागत से बने ‘अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे’ के शानदार टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। यह एक आधुनिक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट है, जो हर साल करीब 60 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है। इस टर्मिनल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसका वास्तुशिल्प और डिजाइन स्थानीय पारंपरिक ‘चुट्टिलू कॉटेज’ से प्रेरित होकर तैयार किया गया है।
2. 13,500 से ज्यादा आदिवासियों द्वारा भव्य स्वागत
एयरपोर्ट की नई सुविधाओं का जायजा लेने के बाद पीएम मोदी एक खुली गाड़ी में सवार होकर जनसभा स्थल की ओर रवाना होंगे। इस दौरान उनका स्वागत बेहद अनूठे और पारंपरिक अंदाज में किया जाएगा। 13,500 से अधिक आदिवासी महिलाएं और छात्र पारंपरिक ‘ढिमसा नृत्य’ प्रस्तुत कर प्रधानमंत्री की अगवानी करेंगे, जिसके बाद वह एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
3. 11,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के एनर्जी व हाईवे प्रोजेक्ट्स
क्लीन एनर्जी और बेहतरीन सड़क नेटवर्क को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की नींव रखेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसमें कर्नूल और अनंतपुर के रिन्यूएबल एनर्जी जोन्स के लिए ₹9,900 करोड़ से अधिक के बड़े ट्रांसमिशन सिस्टम और NH-365BG पर बनने वाले फोर-लेन ग्रीनफील्ड हाईवे (लगभग ₹1,880 करोड़) की सौगात शामिल है, जिससे क्षेत्रीय संपर्क और बिजली आपूर्ति दोनों मजबूत होंगी।
4. आंध्र प्रदेश का पहला सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट
‘इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन’ के तहत विशाखापत्तनम में ₹460 करोड़ की लागत से बनने वाले एएसआईपीएस (ASIP) सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट की आधारशिला भी पीएम मोदी द्वारा रखी जाएगी। यह आंध्र प्रदेश राज्य की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट होगी, जहां सालाना लगभग 9.6 करोड़ चिप्स का उत्पादन किया जाएगा। इससे टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए और बड़े अवसर पैदा होंगे।
5. मैसूरु में ‘विवेक स्मारक’ का भव्य उद्घाटन
आंध्र प्रदेश के कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री दोपहर बाद कर्नाटक के मैसूरु पहुंचेंगे। यहां वे श्री रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक मैसूरु आगमन (1892) की याद में बनाए गए ‘स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र – विवेक स्मारक’ का उद्घाटन करेंगे। करीब 81,000 वर्ग फुट में फैले इस भव्य केंद्र में 4-D एक्सपीरियंस सेंटर, 700 सीटों वाला आधुनिक एम्फीथिएटर और युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
girls globe