
Stock Market Investment Tips: पिछले डेढ़ साल से शेयर बाजार के सुस्त प्रदर्शन ने नए और पुराने, दोनों तरह के निवेशकों की नींद उड़ा रखी है। खासकर वे लोग ज्यादा मायूस हैं जिन्होंने कोविड काल के दौरान बाजार की ‘सुनामी’ रफ्तार को देखकर निवेश शुरू किया था। उस वक्त मिले छप्परफाड़ रिटर्न के बाद अब बाजार का ठंडा पड़ना निवेशकों को डरा रहा है।
अगर आप भी पोर्टफोलियो के लाल निशान देखकर घबरा रहे हैं, तो मशहूर फंड मैनेजर पीटर लिंच (Peter Lynch) के ये सदाबहार सिद्धांत आपके लिए ‘संजीवनी’ साबित हो सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे आप गिरते बाजार में भी खुद को संभाल सकते हैं।
1. ‘जिसे जानते हैं, वहीं पैसा लगाएं’ – बिजनेस की समझ है जरूरी
पीटर लिंच का सबसे पहला और बुनियादी नियम है- “Invest in what you know.” उनका मानना था कि आपको किसी रॉकेट साइंस की जरूरत नहीं है। बस अपने आसपास देखिए कि किस कंपनी के बिस्किट, जूते, गाड़ियां या सेवाएं लोग सबसे ज्यादा पसंद कर रहे हैं। अगर किसी कंपनी का प्रोडक्ट बाजार पर राज कर रहा है, तो उसके शेयर में निवेश की संभावना तलाशें। दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे भी इसी सिद्धांत के मुरीद हैं।
2. रिसर्च के बिना निवेश यानी अंधेरे में तीर चलाना
सिर्फ नाम सुनकर या किसी के कहने पर पैसा लगाना जोखिम भरा हो सकता है। लिंच के अनुसार, निवेश से पहले कंपनी की ‘कुंडली’ खंगालना जरूरी है।
-
फाइनेंशियल स्टेटमेंट: कंपनी कितना कमा रही है?
-
कर्ज (Debt): क्या कंपनी पर भारी कर्ज तो नहीं?
-
मुनाफा (Profit): क्या कंपनी का प्रॉफिट हर साल बढ़ रहा है?
इन बुनियादी बातों को जाने बिना किया गया निवेश जुआ हो सकता है।
3. डर को ज्ञान से हराएं: नॉलेज ही है असली पावर
बाजार जब गिरता है, तो सबसे पहले वही निवेशक भागते हैं जिनकी नॉलेज कम होती है। लिंच का कहना था कि जैसे-जैसे आप मार्केट और कंपनियों के बारे में अपनी जानकारी बढ़ाएंगे, आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा। बाजार के उतार-चढ़ाव आपको डराने के बजाय अवसर (Opportunity) लगने लगेंगे। इसलिए, लॉन्ग टर्म का विजन रखें और सीखने की प्रक्रिया को कभी न रोकें।
4. मार्केट टाइमिंग के चक्कर में न पड़ें, अनुशासन दिखाएं
ज्यादातर लोग इस इंतजार में बैठे रहते हैं कि जब बाजार एकदम नीचे जाएगा, तब पैसा लगाएंगे। पीटर लिंच के मुताबिक, “मार्केट को टाइम करना नामुमकिन है।” दौलत सही वक्त के इंतजार से नहीं, बल्कि बाजार में लंबे समय तक टिके रहने और अनुशासित तरीके से निवेश (SIP या किस्तों में निवेश) करने से बनती है। अगर आप इसे ‘क्विक मनी’ या रातों-रात अमीर बनने का जरिया समझेंगे, तो नुकसान तय है।
5. गलतियों से घबराएं नहीं, उन्हें अपना गुरु बनाएं
शेयर बाजार में हर कोई कभी न कभी गलत साबित होता है। लिंच का मानना था कि गलती करना इंसान का स्वभाव है, लेकिन असली निवेशक वही है जो अपनी गलती से सीखे और उसे दोबारा न दोहराए। कई लोग एक बार घाटा होने पर बाजार छोड़ देते हैं, जो उनकी सबसे बड़ी गलती होती है। याद रखिए, जिंदगी की तरह निवेश में भी गलतियां आपको अनुभवी और बेहतर बनाती हैं।
girls globe