टिहरी में हादसा: खड़ी गाड़ी में लगी आग, शॉर्ट सर्किट बना कारण

टिहरी के घनसाली टिहरी मोटर मार्ग पर बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे घूमेटीधार के पास एक वाहन में आग लग गई है। सूचना मिलते ही घनसाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

तकनिकी खराबी आने के कारण यात्रियों को दूसरे वाहन से किया रवाना

जानकारी के अनुसार चालक खुर्शीद निवासी मंगलौर गंगोत्री-यमुनोत्री से यात्रियों को लेकर केदारनाथ जा रहा था। घनसाली में वाहन में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद यात्रियों को दूसरी गाड़ी से भेज दिया गया और वाहन को ठीक कराने के लिए चंबा ले जाया जा रहा था।

शॉर्ट सर्किट के कारण खड़ी गाड़ी में लगी आग

घूमेटीधार के पास पिकअप चालक द्वारा वाहन ले जाने से मना करने पर गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर दी। इसी दौरान करीब 2:15 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण वाहन में आग लग गई। गनीमत ये रही कि चालक उस समय वाहन से बाहर था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।