
सनातन धर्म में दान-पुण्य को मोक्ष और सुख-समृद्धि का सबसे बड़ा साधन माना गया है। शास्त्रों में कई तरह के दानों का उल्लेख मिलता है, जिनमें से एक बेहद विशेष और महत्वपूर्ण दान है शय्या दान’। शय्या का सरल अर्थ होता है बिस्तर, पलंग या सोने का स्थान। जब कोई व्यक्ति किसी जरूरतमंद, ब्राह्मण या साधु-संत को सोने से जुड़ी वस्तुएं दान करता है, तो उसे शय्या दान कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दान को करने से न सिर्फ जीवन के पापों का नाश होता है, बल्कि इंसान के रास्ते में आने वाली तमाम बड़ी बाधाएं भी स्वतः ही दूर होने लगती हैं।
कब और क्यों किया जाता है शय्या दान?
शय्या दान हर कभी नहीं, बल्कि कुछ बेहद खास और विशेष अवसरों पर ही किया जाता है। आमतौर पर लोग अपने पितरों (पूर्वजों) की आत्मा की शांति के लिए या परिवार में किसी सदस्य के निधन के बाद गरुड़ पुराण के नियमों के अनुसार शय्या दान करते हैं। इसके अलावा, किसी बड़े धार्मिक अनुष्ठान के पूरा होने पर, कोई विशेष मनोकामना पूरी होने के बाद या फिर कुंडली के गंभीर ग्रह दोषों से मुक्ति पाने के लिए भी यह दान किया जाता है। माना जाता है कि जब ग्रह नक्षत्रों के बुरे प्रभाव से जीवन में संकट बढ़ने लगें, तब शय्या दान करने से परिस्थितियां अनुकूल और आसान हो जाती हैं। इससे पितर प्रसन्न होते हैं और घर में सुख-शांति का वास होता है।
शय्या दान में कौन-कौन सी चीजें दी जाती हैं?
इस दान के अंतर्गत सोने की व्यवस्था से जुड़ी सभी आवश्यक सामग्रियां शामिल होती हैं। मुख्य रूप से इसमें पलंग (खाट या चारपाई), गद्दा, साफ-सुथरी चादर, तकिया, कंबल, ओढ़ने वाली रजाई या नीचे बिछाने वाली दरी जैसी चीजें दी जाती हैं। हिंदू धर्म में अलग-अलग व्रत और त्योहारों के हिसाब से तरह-तरह के दान बताए गए हैं, लेकिन आरामदायक नींद से जुड़े इस दान को सर्वोत्तम माना गया है। कई लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार बिस्तर से जुड़ी हर एक छोटी-बड़ी चीज का पूरा सेट बनाकर दान करते हैं।
दान करते समय मन में न आने दें ‘अहंकार’ का भाव
शास्त्रों में साफ कहा गया है कि दान हमेशा अपनी जेब और सामर्थ्य के हिसाब से ही करना चाहिए, किसी से होड़ करके या कर्ज लेकर किया गया दान फलित नहीं होता। इससे भी जरूरी बात यह है कि दान करते समय मन में रत्ती भर भी अहंकार या घमंड की भावना नहीं आनी चाहिए। कभी भी यह न सोचें कि आप किसी पर उपकार कर रहे हैं या सामने वाला आपसे कमजोर या याचक है। अहंकार के साथ दिया गया दान पुण्य की जगह पाप का भागी बना देता है।
शय्या दान के दौरान इन गलतियों से बचें, ध्यान रखें ये बातें
यदि आप भी शय्या दान करने का विचार कर रहे हैं, तो इसके कुछ कड़े नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है:
-
भूलकर भी न दें खराब सामान: दान में हमेशा नई, साफ-सुथरी और अच्छी स्थिति वाली चीजें ही देनी चाहिए। फटी हुई चादर, मैला गद्दा या टूटा हुआ पलंग दान करने से घर में दरिद्रता और बीमारियां आती हैं।
-
दिखावे से दूर रहें: दान हमेशा गुप्त या शांत भाव से करना चाहिए। शय्या दान करने के बाद कभी भी दूसरों के सामने इसका ढिंढोरा न पीटें और न ही अपनी तारीफ खुद करें।
-
सच्चा भाव है जरूरी: शांत चित्त और निस्वार्थ भाव से किया गया दान ही जीवन में सकारात्मक ऊर्जा (Positivity) और मानसिक शांति लेकर आता है।
girls globe