
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित एशिया के सबसे बड़े पार्कों में शुमार जनेश्वर मिश्र पार्क (Janeshwar Mishra Park) से सुरक्षा व्यवस्था और मानवता को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। बुधवार को पार्क में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घूमने आए एक युवक की वहां तैनात सुरक्षा गार्ड ने जूते से बेरहमी से पिटाई कर दी।
इस घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) प्रशासन में हड़कंप मच गया। एलडीए ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी गार्ड को तत्काल प्रभाव से नौकरी से हटा दिया है।
टिकट चेकिंग को लेकर शुरू हुआ था विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों और मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एक परिवार (युवक, उसकी पत्नी और बच्चा) बकायदा टिकट खरीदकर पार्क के अंदर प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान मुख्य गेट पर टिकट चेकिंग को लेकर गेट पर तैनात गार्ड और युवक के बीच किसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि गार्ड ने युवक के साथ अभद्र और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे विवाद और ज्यादा बढ़ गया। देखते ही देखते गार्ड का गुस्सा इस कदर सातवें आसमान पर पहुंच गया कि उसने पैर से अपना जूता निकाला और युवक की पत्नी व मासूम बच्चे के सामने ही उसे सरेआम पीटना शुरू कर दिया।
जमीन पर गिराकर कॉलर पकड़ा और घसीटा
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी गार्ड ने युवक को जमीन पर गिरा दिया और उसका कॉलर पकड़कर बेरहमी से घसीटता रहा। इस दौरान युवक की पत्नी और बच्चा डर के मारे जोर-जोर से रोते और चिल्लाते रहे, लेकिन काफी देर तक पार्क में मौजूद कोई भी अन्य सुरक्षाकर्मी या लोग बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आए।
पार्क में मौजूद कुछ पर्यटकों ने इस पूरी खौफनाक घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। आरोप है कि मामला बढ़ता देख वहां मौजूद अन्य गार्डों ने पीड़ित युवक और उसके परिवार को जल्दबाजी में एक ई-रिक्शा में बैठाकर वहां से रवाना कर दिया ताकि पुलिस केस या हंगामा न बढ़े। फिलहाल पीड़ित युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
बचाव में गार्ड ने गढ़ी ‘घरेलू हिंसा’ की कहानी
पार्क प्रशासन और एलडीए अधिकारियों की सख्ती के बाद आरोपी गार्ड, जिसकी पहचान सोनू पाण्डेय के रूप में हुई है, ने अपने बचाव में एक मनगढ़ंत कहानी पेश करने की कोशिश की। आरोपी गार्ड का दावा था कि पीड़ित युवक अत्यधिक नशे की हालत में था और टिकट चेकिंग के दौरान उसने अपनी ही पत्नी को सरेआम थप्पड़ मार दिया था। गार्ड के अनुसार, उसने महिला के बचाव में हस्तक्षेप किया जिसके बाद विवाद बढ़ा। हालांकि, वीडियो में गार्ड की बर्बरता साफ उजागर होने के बाद प्रशासन ने उसकी थ्योरी को खारिज कर दिया।
उद्यान अधिकारी की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल
जनेश्वर मिश्र पार्क की पूरी कमान और जिम्मेदारी उद्यान अधिकारी शशि भारती के पास है, लेकिन इस घटना के बाद से उनकी कार्यशैली और मैनेजमेंट पर लगातार सवालिया निशान लग रहे हैं।
-
गार्डों पर नियंत्रण नहीं: स्थानीय लोगों और पर्यटकों का आरोप है कि पार्क के सुरक्षाकर्मियों पर अधिकारियों का कोई नियंत्रण नहीं है। इससे पहले भी पार्क में आम जनता और कपल्स के साथ गार्डों द्वारा अभद्रता, अवैध वसूली और हाथापाई की शिकायतें आ चुकी हैं, लेकिन कभी कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया।
-
फोन न उठाने का आरोप: शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उद्यान अधिकारी अक्सर किसी भी अप्रिय घटना के बाद मीडिया या पीड़ितों का फोन उठाना मुनासिब नहीं समझती हैं। इस मामले में भी जब उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कॉल का कोई जवाब नहीं दिया।
एलडीए की कार्रवाई: एलडीए के वरिष्ठ अधिकारियों ने साफ किया है कि जनता के साथ इस तरह का हिंसक और अशोभनीय व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपी गार्ड सोनू पाण्डेय को सेवा से बर्खास्त करने के साथ ही सुरक्षा एजेंसी को भी सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपने कर्मचारियों के व्यवहार पर निगरानी रखें।
girls globe