
केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन लगातार मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहे हैं। गुरुवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और एसपी निहारिका तोमर ने यात्रा व्यवस्थाओं और अब तक की प्रगति की विस्तृत जानकारी साझा की।
22 अप्रैल से अब तक 5 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि 22 अप्रैल 2026 से शुरू हुई श्री केदारनाथ धाम यात्रा में अब तक 5 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, जिससे यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
60 हजार यात्रियों को मिली स्वास्थ्य सेवाएं
डीएम ने बताया कि अब तक 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को ओपीडी और इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा चुकी हैं, जबकि 51,939 यात्रियों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई है। आपात स्थिति में हेली रेस्क्यू के जरिए 26 श्रद्धालुओं और दंडी-कंडी के माध्यम से 70 यात्रियों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया।
यात्रा मार्ग पर तैनात किए 412 पर्यावरण मित्र और 30 सुपरवाइजर
स्वच्छता व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने विशेष फोकस किया है। यात्रा मार्ग पर 412 पर्यावरण मित्र और 30 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 350 से अधिक शौचालय और 600 से ज्यादा डस्टबिन लगाए गए हैं। प्रशासन के अनुसार अब तक 64 टन से अधिक ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक निस्तारण किया जा चुका है।
18 हजार से ज्यादा श्रद्धालु हेली सेवा से पहुंचे केदारनाथ
हेली सेवाओं को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम खराब होने पर सेवाएं अस्थायी रूप से रोकी जाती हैं और मौसम सामान्य होने पर ही संचालन किया जाता है। अब तक 18,840 से अधिक श्रद्धालु हेली सेवा के माध्यम से केदारनाथ धाम पहुंचे हैं।
409 वाहनों के चालान कर वसूले 11 लाख
यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से लगातार चेकिंग अभियान चला रहे हैं। अप्रैल माह में नियमों का उल्लंघन करने वाले 409 वाहनों के चालान किए गए, जिनसे 11.03 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूला गया।वहीं घोड़ा-खच्चर संचालन को सुरक्षित रखने के लिए नियमित चिकित्सा परीक्षण और गर्म पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
यात्रा मार्ग पर बनाए 7 खोया-पाया केंद्र
रुद्रप्रयाग पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि यात्रा मार्ग पर 7 खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं। अब तक 180 श्रद्धालुओं को उनके बिछड़े परिजनों से मिलाया गया है। साथ ही 5 मोबाइल फोन और 60 पर्स और बैग भी यात्रियों को वापस लौटाए गए हैं।
girls globe