
मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शक्ति कपूर (Shakti Kapoor) हाल ही में सोशल मीडिया पर फैली एक ‘फेक न्यूज’ का शिकार हो गए। इंटरनेट पर उनके निधन की झूठी खबरें वायरल होने लगीं, जिससे न केवल उनके प्रशंसक परेशान हो गए, बल्कि खुद अभिनेता भी इस पर काफी भड़क गए हैं। शक्ति कपूर ने स्पष्ट किया है कि वह पूरी तरह स्वस्थ और खुश हैं।
इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर दिया करारा जवाब
शक्ति कपूर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो संदेश साझा किया है, जिसमें उन्होंने इन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया। वीडियो में वह कहते नजर आ रहे हैं, “हेलो सभी को, मेरे निधन की जो खबरें आ रही हैं, वे पूरी तरह से फर्जी हैं। मैं एकदम हेल्दी और खुश हूं… कृपया ऐसी खबरों को नजरअंदाज करें।” शक्ति कपूर ने इन अफवाहों को फैलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का फैसला किया है।
साइबर सेल में शिकायत करेंगे शक्ति कपूर
झूठी खबरें फैलाने वालों से अभिनेता इस कदर नाराज हैं कि उन्होंने कानूनी कार्रवाई करने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा, “मैं इसके खिलाफ साइबर शिकायत दर्ज कराना चाहता हूं क्योंकि यह बहुत गलत है। इस तरह की खबरें फैलाना किसी की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।” इस पर फैंस ने भी उनका समर्थन किया है। एक यूजर ने लिखा, “टाइगर अभी जिंदा है! आप हमेशा स्वस्थ रहें।” वहीं दूसरे ने उन्हें बॉलीवुड का ‘बेस्ट कॉमेडियन’ बताया।
4 दशक और 700 फिल्में: शक्ति कपूर का फिल्मी सफर
शक्ति कपूर ने बॉलीवुड में विलेन और कॉमेडियन, दोनों ही भूमिकाओं में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने अपने चार दशक के करियर में लगभग 700 फिल्मों में काम किया है। उनके यादगार किरदारों में ‘राजा बाबू’ का नंदू, ‘अंदाज अपना-अपना’ का क्राइम मास्टर गोगो और ‘बाप नंबरी बेटा दस नंबरी’ जैसे रोल शामिल हैं। उनकी पिछली फिल्म ‘मेरे हसबैंड की मूवी’ साल 2025 में रिलीज हुई थी।
परिवार और श्रद्धा कपूर का वर्कफ्रंट
शक्ति कपूर की पत्नी शिवांगी कोल्हापुरे हैं और उनके दो बच्चे श्रद्धा कपूर और सिद्धांत कपूर हैं। सिद्धांत अब डीजे के रूप में अपना करियर बना रहे हैं, वहीं श्रद्धा कपूर बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेसेस में से एक हैं। ‘स्त्री 2’ की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद श्रद्धा अब अपनी अगली फिल्म ‘ईथा’ (Eetha) की तैयारी में जुटी हैं। लक्ष्मण उत्तेकर के निर्देशन में बन रही यह फिल्म मशहूर मराठी लावणी परफॉर्मर विठाबाई नारायणगांवकर की बायोपिक है, जो 2027 में रिलीज हो सकती है।
girls globe