बंगाली सिनेमा और टेलीविजन जगत से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी का रविवार, 29 मार्च को ओडिशा के तलसरी समुद्र तट पर डूबने से निधन हो गया। महज 43 वर्ष की आयु में उनके अचानक चले जाने से पूरे फिल्म उद्योग और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है। राहुल वहां अपने नए धारावाहिक की शूटिंग के लिए गए थे, लेकिन किसे पता था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा।
शूटिंग के बाद अकेले समुद्र में उतरे थे राहुल
जानकारी के मुताबिक, राहुल अरुणोदय बनर्जी पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाके दीघा के पास ‘भोले बाबा पार करेगा’ नामक बंगाली धारावाहिक की शूटिंग कर रहे थे। उनके सह-कलाकार दिगंता बागची ने बताया कि रविवार की शूटिंग खत्म करने के बाद राहुल अकेले ही समुद्र के पानी में उतरे थे। चश्मदीदों के अनुसार, वह अचानक पानी के नीचे किसी चीज में उलझ गए और डूबने लगे। क्रू मेंबर्स के चिल्लाने पर उन्हें तुरंत बाहर निकालकर दीघा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जताया गहरा शोक
राहुल के निधन की खबर मिलते ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “मैं इस खबर को सुनकर स्तब्ध और मर्माहत हूं। राहुल एक बेहद प्रतिभाशाली और लोकप्रिय युवा अभिनेता थे। वह मेरे पसंदीदा कलाकारों में से एक थे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।” पुलिस ने इस मामले में ‘अप्राकृतिक मृत्यु’ (Unnatural Death) का मामला दर्ज किया है और प्रोडक्शन टीम के सदस्यों से पूछताछ कर रही है।
पत्नी प्रियंका सरकार की भावुक अपील
राहुल की पत्नी और मशहूर अभिनेत्री प्रियंका सरकार ने इस कठिन समय में परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “यह हमारे लिए बेहद दुखद और निराशाजनक समय है। एक बच्चा, एक मां और पूरा परिवार इस नुकसान से उबरने की कोशिश कर रहा है। हम मीडिया और दोस्तों से अनुरोध करते हैं कि हमें शांति से दुख मनाने दें और हमारी सीमाओं का सम्मान करें।” बता दें कि राहुल और प्रियंका की जोड़ी 2008 की सुपरहिट फिल्म ‘चिरोदिनी तुमी जे आमार’ से रातों-रात स्टार बनी थी।
‘चिरोदिनी तुमी जे आमार’ से मिली थी खास पहचान
राहुल अरुणोदय बनर्जी ने अपने करियर की शुरुआत राज चक्रवर्ती की ब्लॉकबस्टर फिल्म से की थी, जिसने बंगाली सिनेमा के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। इसके बाद उन्होंने कई सफल फिल्मों और टीवी सीरियल्स में काम किया। निजी जीवन की बात करें तो राहुल और प्रियंका 2010 में शादी के बंधन में बंधे थे। हालांकि, 2017 में दोनों अलग हो गए थे, लेकिन 2023 में अपने बेटे शोहोज की परवरिश के लिए वे एक बार फिर साथ आ गए थे। उनके निधन से बंगाली सिनेमा ने एक चमकता सितारा खो दिया है।
girls globe