
West Bengal News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य में हिंसा का तांडव जारी है। बुधवार 6 मई की देर रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में एक ऐसी वारदात हुई जिसने पूरे बंगाल को झकझोर कर रख दिया है। बीजेपी के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस हमले के बाद इलाके में भारी तनाव है और पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
प्रोफेशनल किलिंग: 4 बाइक पर सवार होकर आए थे 8 शूटर
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात उस समय हुई जब चंद्रनाथ रथ अपनी सफेद स्कॉर्पियो कार में कोलकाता स्थित अपने फ्लैट की ओर लौट रहे थे। वह जेसोर रोड के पास दोहरिया इलाके में पहुंचे ही थे कि उनकी गाड़ी को एक कार ने ओवरटेक कर रोका। जैसे ही गाड़ी धीमी हुई, पीछे से 4 मोटरसाइकिलों पर सवार 8 हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।
हमलावरों ने बहुत करीब (Point Blank Range) से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। चश्मदीदों और पुलिस के अनुसार, कम से कम 4 राउंड गोलियां चलीं। चंद्रनाथ को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ड्राइवर को लगी 3 गोलियां, हमलावरों की गाड़ी पर थी ‘फर्जी नंबर प्लेट’
इस खूनी खेल में चंद्रनाथ के ड्राइवर बुद्धदेव बेरा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें 3 गोलियां लगी हैं और फिलहाल उनका इलाज कोलकाता के अपोलो अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि जिस कार से रास्ता रोका गया था, उस पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी। इससे साफ जाहिर होता है कि यह एक सोची-समझी प्रोफेशनल किलिंग है।
टीएमसी ने की निंदा, लगाया बीजेपी पर पलटवार का आरोप
सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इस हत्या की कड़ी निंदा की है, लेकिन साथ ही बीजेपी पर भी निशाना साधा है। टीएमसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर बयान जारी कर कहा कि मध्यमग्राम की यह घटना दुखद है। पार्टी ने आरोप लगाया कि पिछले तीन दिनों में कथित चुनाव बाद हिंसा में उनके भी तीन कार्यकर्ता मारे गए हैं, जिनमें बीजेपी समर्थित बदमाशों का हाथ है। टीएमसी का कहना है कि ये घटनाएं तब हो रही हैं जब राज्य में अभी भी आदर्श आचार संहिता लागू है।
कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल
सुवेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या ने बंगाल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। इलाके में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
girls globe