Awarapan 2 X Review: सिनेमाघरों में आते ही छाया इमरान हाशमी का जादू, फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखकर दर्शकों ने दिए ऐसे रिएक्शन

बॉलीवुड के पॉपुलर एक्टर इमरान हाशमी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘आवारापन 2’ आखिरकार आज 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। साल 2007 में आई कल्ट क्लासिक फिल्म ‘आवारापन’ के इस सीक्वल को लेकर फैंस के बीच लंबे समय से जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा था। फिल्म के गानों से लेकर इसकी एडवांस बुकिंग तक ने बॉक्स ऑफिस पर पहले ही माहौल बना दिया था। अब जैसे ही फिल्म का फर्स्ट डे फर्स्ट शो खत्म हुआ, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर दर्शकों और फैंस के रिएक्शन की बाढ़ आ गई है। तो चलिए जानते हैं कि जनता को कैसी लगी इमरान हाशमी की यह कमबैक फिल्म।

सोशल मीडिया पर मिल रहे हैं जबरदस्त रिएक्शन

‘आवारापन 2’ को सोशल मीडिया पर दर्शकों से शुरुआती तौर पर शानदार और मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। कई फैंस को इमरान हाशमी का अंदाज और फिल्म की कहानी बेहद पसंद आ रही है, तो कुछ ने इसके डायरेक्शन की तारीफ की है। एक यूजर ने ‘एक्स’ पर अपना रिव्यू शेयर करते हुए लिखा, ‘आवारापन 2′ का जबरदस्त इंटरवल अभी खत्म हुआ है। पहला हाफ पूरी तरह से जोश, दमदार इमोशंस, धांसू एक्शन और रोमांचक माहौल से भरा हुआ है। इसकी कहानी आपको अपनी सीट से बांधे रखती है।’ वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि फिल्म शुरू होने के शुरुआती 20 मिनट के भीतर ही दर्शक मुख्य किरदार ‘शिवम पंडित’ के साथ पूरी तरह से कनेक्ट हो जाते हैं।

सिनेमाघरों में दिखा पुराना दौर और पुरानी यादें

फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स को देखकर कई फैंस पुराने दौर की यादों में खो गए हैं। एक यूजर ने सिनेमाघरों की ऑक्यूपेंसी का जिक्र करते हुए लिखा कि एक आम शुक्रवार (बिना किसी छुट्टी के दिन) को भी इमरान हाशमी की फिल्म के मॉर्निंग शो में 60 से 70 प्रतिशत तक की ऑक्यूपेंसी देखने को मिल रही है, जिसे देखकर ऐसा लगा जैसे हम वापस 2008-2012 के दौर में लौट आए हों। इसके अलावा फिल्म का एक खास सीन, जिसमें भिक्षु एक बार फिर शिवम को बचाते हैं और बैकग्राउंड में उनका आइकॉनिक गाना ‘तेरा मेरा रिश्ता’ बजता है, उसे लेकर फैंस कह रहे हैं कि उस सीन को पर्दे पर देखते ही शरीर के रोंगटे खड़े हो जाते हैं।

स्टारकास्ट और बजट से जुड़ी खास बातें

नितिन कक्कड़ द्वारा निर्देशित और विशेष भट्ट द्वारा निर्मित ‘आवारापन 2’ को सेंसर बोर्ड की तरफ से 16+ UA सर्टिफिकेट दिया गया है। फिल्म का कुल बजट लगभग 25 से 30 करोड़ रुपये के आसपास बताया जा रहा है। इस फिल्म में इमरान हाशमी के साथ-साथ दिशा पाटनी, शबाना आजमी, सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली, अतुल कुमार, अनिरुद्ध रावल और पुरन गब्बी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। अब देखना यह होगा कि दर्शकों के इन पॉजिटिव रिव्यू के बाद वीकेंड पर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितने करोड़ का कारोबार करने में सफल होती है।