Gold-Silver Rate 13 May: कस्टम ड्यूटी का तगड़ा झटका सोना 1.65 लाख और चांदी 2.95 लाख के पार

नई दिल्ली। देश के सर्राफा बाजारों में आज सोने और चांदी की कीमतों ने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। कस्टम ड्यूटी में बढ़ोतरी और वैश्विक परिस्थितियों के कारण आज बाजार खुलते ही कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। 24 कैरेट सोने की कीमत जहां 1.65 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को छू गई है, वहीं चांदी अब 3 लाख रुपये प्रति किलो के करीब पहुंच चुकी है।

कस्टम ड्यूटी बढ़ते ही कीमतों में भारी उछाल

सरकार द्वारा कस्टम ड्यूटी बढ़ाने के फैसले का असर सर्राफा मार्केट पर तुरंत दिखाई दिया। एक ही झटके में कीमतों में आया बदलाव कुछ इस प्रकार है:

  • 24 कैरेट गोल्ड: ₹8,779 प्रति 10 ग्राम की वृद्धि।

  • 22 कैरेट गोल्ड: ₹8,042 प्रति 10 ग्राम की वृद्धि।

  • 18 कैरेट गोल्ड: ₹6,584 प्रति 10 ग्राम की वृद्धि।

  • चांदी: एक झटके में ₹21,983 प्रति किलो की रिकॉर्ड तेजी।

पीएम मोदी की अपील के बाद 3 दिन में क्या बदला?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक साल तक सोना न खरीदने की अपील के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल है। पिछले 3 दिनों के भीतर सोने के भाव में ₹9,333 प्रति 10 ग्राम का बड़ा उछाल आया है। वहीं, चांदी इस अवधि में ₹31,250 प्रति किलो महंगी हुई है। बता दें कि शुक्रवार को बाजार बंद होने के समय सोना ₹1,51,078 और चांदी ₹2,55,600 पर थी।

24, 23 और 22 कैरेट गोल्ड के ताजा भाव (With GST)

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा जारी दोपहर के रेट्स के अनुसार, जीएसटी (3%) समेत सोने की कीमतें अब आसमान छू रही हैं:

  • 24 कैरेट: ₹1,65,221 प्रति 10 ग्राम (बिना जीएसटी ₹1,60,409)

  • 23 कैरेट: ₹1,64,562 प्रति 10 ग्राम (बिना जीएसटी ₹1,59,769)

  • 22 कैरेट: ₹1,51,345 प्रति 10 ग्राम (बिना जीएसटी ₹1,46,937)

  • 18 कैरेट: ₹1,23,907 प्रति 10 ग्राम (बिना जीएसटी ₹1,20,308)

  • 14 कैरेट: ₹96,655 प्रति 10 ग्राम (बिना जीएसटी ₹93,840)

चांदी की कीमतों ने चौंकाया

चांदी की कीमतों में आई तेजी ने निवेशकों को हैरान कर दिया है। वर्तमान में एक किलो चांदी की कीमत जीएसटी समेत ₹2,95,455 पर पहुंच गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही ट्रेंड जारी रहा तो चांदी जल्द ही 3.5 लाख रुपये के स्तर को पार कर सकती है।

शहरों में क्यों अलग-अलग होते हैं दाम?

अक्सर ग्राहकों के मन में सवाल होता है कि अलग-अलग शहरों में भाव क्यों बदलते हैं। इसका मुख्य कारण बेस प्राइस तो एक ही होता है, लेकिन स्थानीय कर (Local Taxes), ढुलाई का खर्च (Transportation), इंश्योरेंस और ज्वैलर्स का मेकिंग चार्ज व मार्जिन अलग-अलग होता है। हालांकि, 3% जीएसटी पूरे देश में एक समान लागू होता है।