
चिलचिलाती गर्मी के मौसम में तरबूज और आम से बेहतर कुछ नहीं लगता। ये फल न केवल शरीर को ठंडक पहुंचाते हैं, बल्कि स्वाद में भी बेमिसाल होते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन फलों को गलत चीजों के साथ मिलाकर खाना आपके पाचन तंत्र के लिए भारी पड़ सकता है? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अजीबोगरीब ‘फूड कॉम्बिनेशन’ असल में आपकी सेहत के दुश्मन हैं। श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट, दिल्ली की चीफ डाइटीशियन डॉ. प्रिया पालीवाल ने बताया है कि तरबूज और आम के साथ किन चीजों का सेवन भूलकर भी नहीं करना चाहिए।
तरबूज: हाइड्रेशन और पोषक तत्वों का खजाना
तरबूज गर्मियों का सबसे खास फल है क्योंकि इसमें पानी की मात्रा बहुत अधिक होती है, जो शरीर को हाइड्रेटेड रखता है। इसके साथ ही इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर, विटामिन ए, सी, बी6 और पोटेशियम पाया जाता है। इसमें मौजूद ‘लाइकोपीन’ नामक एंटीऑक्सीडेंट दिल की सेहत और त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद होता है। लेकिन इसके फायदों का लाभ तभी मिलता है जब इसे सही तरीके से खाया जाए।
दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स से बना लें दूरी
अक्सर लोग मैंगो शेक या फ्रूट क्रीम जैसी चीजें बड़े चाव से खाते हैं, लेकिन तरबूज के मामले में यह खतरनाक हो सकता है। डॉ. प्रिया पालीवाल के अनुसार, तरबूज के साथ दूध या दूध से बनी चीजों का सेवन करने से परहेज करना चाहिए। तरबूज में मौजूद तत्व जब डेयरी प्रोडक्ट्स के साथ मिलते हैं, तो पेट में गैस, भारीपन और अपच जैसी समस्याएं पैदा कर सकते हैं।
दही और तरबूज का मिश्रण है ‘पाचन की अग्नि’ का दुश्मन
आजकल शॉर्ट वीडियो में तरबूज और दही का रायता बनाने का चलन बढ़ा है, लेकिन आयुर्वेद और विज्ञान दोनों ही इसे गलत मानते हैं। दही एक प्रोबायोटिक फूड है और तरबूज की तासीर इससे बिल्कुल अलग होती है। इन दोनों को साथ खाने से पाचन तंत्र की कार्यक्षमता (पाचन अग्नि) मंद पड़ जाती है, जिससे पेट खराब होने का खतरा रहता है।
नमकीन चीजों के साथ खाने से बचें
तरबूज को मीठा और नमकीन मिलाकर खाने का शौक कई लोगों को होता है, लेकिन एक्सपर्ट्स की मानें तो बहुत ज्यादा नमकीन चीजों के साथ तरबूज खाना पेट की दिक्कतों को बढ़ा सकता है। खासकर उन लोगों को जिनका पेट संवेदनशील (Sensitive Gut) है, उन्हें तो भूलकर भी यह प्रयोग नहीं करना चाहिए।
रात में तला-भुना और फिर तरबूज? पड़ेगा भारी!
भारतीय घरों में अक्सर रात के भारी खाने या तले-भुने भोजन के बाद तरबूज या आम खाने का रिवाज है। एक्सपर्ट के मुताबिक, यह सबसे बड़ी गलती है। हैवी डिनर के बाद इन फलों का सेवन गैस, मतली (Nausea) और अपच का कारण बनता है। फलों को हमेशा दिन के समय या खाली पेट खाना सबसे बेहतर माना जाता है।
सही तरीका: अकेले ही खाएं ये फल
तरबूज और आम जैसे फलों का पूरा फायदा उठाने के लिए इन्हें अकेले खाना ही सबसे अच्छा है। अगर आप इन्हें मिक्स करना चाहते हैं, तो अन्य हल्के फलों के साथ ही मिलाएं। हमेशा याद रखें कि फल खाने के तुरंत बाद पानी पीने से भी बचना चाहिए, ताकि आपका डाइजेशन सही रहे और आप गर्मियों का भरपूर आनंद ले सकें।
girls globe