
पटना। बिहार में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे ITI, डिप्लोमा और डिग्री धारक युवाओं के लिए एक अच्छी खबर आई है। बिहार तकनीकी सेवा आयोग यानी BTSC ने श्रम संसाधन विभाग के अंतर्गत विभिन्न औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में अनुदेशक के 726 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अंतिम तिथि 15 मई 2026 है।
726 पदों पर होगी भर्ती— दो श्रेणियों में बंटे हैं पद
BTSC ने इन पदों को दो मुख्य श्रेणियों में बांटा है। पहली श्रेणी में विभिन्न ट्रेडों के लिए ITI अनुदेशक के 474 पद हैं। दूसरी श्रेणी में इलेक्ट्रिशियन और वायरमैन जैसे पदों के लिए डिप्लोमा और डिग्री अनुदेशक के 252 पद रखे गए हैं।
आयु सीमा और योग्यता क्या है?
इस भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष है। सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 37 वर्ष और महिलाओं के लिए 40 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट मिलेगी। शैक्षणिक योग्यता के तौर पर संबंधित ट्रेड में ITI, डिप्लोमा या डिग्री के साथ-साथ कार्य अनुभव होना अनिवार्य है।
₹35,400 बेसिक सैलरी के साथ अन्य भत्ते भी मिलेंगे
चुने गए उम्मीदवारों को पे-लेवल 6 के आधार पर वेतन दिया जाएगा जिसमें शुरुआती बेसिक सैलरी 35,400 रुपये के अलावा अन्य सरकारी भत्ते भी शामिल होंगे। आवेदन शुल्क सभी श्रेणियों के लिए महज 100 रुपये रखा गया है जो ऑनलाइन जमा किया जा सकता है।
ऐसे करें आवेदन— 15 मई से पहले कर लें रजिस्ट्रेशन
इच्छुक उम्मीदवार BTSC की आधिकारिक वेबसाइट btsc.bihar.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ लें ताकि कोई गलती न हो और आपका फॉर्म रिजेक्ट न हो।
girls globe