
हॉलीवुड के दिग्गज डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन की मच-अवेटीड फिल्म ‘द ओडिसी’ (The Odyssey) को लेकर दुनियाभर के सिनेमाप्रेमियों में एक अलग ही दीवानगी देखने को मिल रही है. फिल्म की रिलीज में अभी एक हफ्ता बाकी है, लेकिन इसके बावजूद इसकी टिकटों के लिए हाहाकार मचा हुआ है. आलम यह है कि विदेशी बाजारों में फिल्म के पहले दिन के टिकट ब्लैक मार्केट में 500 डॉलर यानी करीब ₹47,500 तक में बेचे जा रहे हैं. इसी बीच, फिल्म क्रिटिक्स के लिए रखी गई स्पेशल स्क्रीनिंग के बाद ‘द ओडिसी’ के पहले रिव्यूज और रिएक्शंस भी सामने आ गए हैं, जिसमें इसे नोलन के करियर की सबसे महान फिल्म बताया जा रहा है.
क्रिटिक्स ने सराहा: ‘मासूमियत खोने और युद्ध के बाद की निराशा की विशाल कहानी’
भारत समेत दुनियाभर में रिलीज होने से पहले ही इस फिल्म को क्रिटिक्स की तरफ से शानदार तारीफें मिल रही हैं. मशहूर फिल्म समीक्षक पीटर ब्रेडशॉ ने अपने पहले रिएक्शन में लिखा कि क्रिस्टोफर नोलन की ‘ओडिसी’ युद्ध के बाद पैदा हुई निराशा और मासूमियत खोने की एक बेहद विशाल और भव्य कहानी है, जिसे मरने वालों के नजरिए से बड़े पर्दे पर उतारा गया है.
स्टार कास्ट की दमदार एक्टिंग: टॉम हॉलैंड के करियर का नया मोड़
फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे कलाकारों के अभिनय को लेकर भी क्रिटिक्स ने बड़ी बातें कही हैं:
-
मैट डेमन: मुख्य किरदार ‘ओडिसियस’ की आत्मा को पर्दे पर उतारते हुए उन्होंने इस बेहद मुश्किल और भारी-भरकम रोल में जबरदस्त जान फूंक दी है.
-
ऐनी हैथवे: फिल्म में अडिग ‘पेनेलोप’ के किरदार में उन्होंने एक बेहद दमदार और भावुक परफॉर्मेंस दी है, जो दर्शकों को बांध कर रखेगी.
-
टॉम हॉलैंड: ‘टेलीमैकस’ के रूप में एक युवा से वयस्क बनने की पूरी प्रक्रिया को उन्होंने जिस शिद्दत से दिखाया है, वह एक लीड एक्टर के तौर पर उनके करियर में एक रोमांचक नए दौर की शुरुआत का संकेत है.
IMAX थिएटर्स हाउसफुल, टिकट खिड़की पर क्रैश हुई वेबसाइट्स
नोलन की फिल्मों को 70mm IMAX पर देखने का क्रेज अलग ही स्तर का होता है. ‘द ओडिसी’ के आईमैक्स शोज के टिकट एक साल पहले ही एडवांस बुकिंग खुलते ही कुछ मिनटों में बिक गए थे. वहीं पिछले महीने जब सामान्य टिकटों की बिक्री शुरू हुई, तो बुकिंग वेबसाइट्स पर इतना भारी ट्रैफिक आया कि सर्वर तक क्रैश हो गए. ‘एपी’ की रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूयॉर्क और लॉस एंजेलिस जैसे बड़े शहरों के थिएटर्स हफ्तों पहले से हाउसफुल हैं.
भारत में क्या है टिकटों का हाल?
भारतीय सिनेमाघरों में भी नोलन का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है. भारत में आईमैक्स (IMAX) टिकटों की एडवांस बुकिंग एक महीने पहले ही शुरू कर दी गई थी. मुंबई और दिल्ली-एनसीआर जैसे बड़े महानगरों में प्रीमियम सीटों के टिकट की कीमत ₹3,300 तक पहुंच चुकी है, इसके बावजूद अधिकांश बड़े सिनेमाघरों के सारे शो अभी से पूरी तरह सोल्ड आउट हो चुके हैं.
girls globe