बाजार की तेजी में 9% उछला यह मल्टीबैगर FMCG स्टॉक, 700 करोड़ के मेगा प्लान के बीच आई प्रॉफिट बुकिंग

भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को आई रौनक के बीच एफएमसीजी (FMCG) सेक्टर की दिग्गज कंपनी एलीटकॉन इंटरनेशनल (Elitecon International) के शेयरों में जबरदस्त एक्शन देखने को मिला। विदेशी फंडों के दोबारा रुख करने और ब्लू-चिप शेयरों में आई खरीदारी की बदौलत सेंसेक्स और निफ्टी में सुधार हुआ, जिसका सीधा फायदा इस काउंटर को मिला। ट्रेडिंग सेशन के दौरान कंपनी का शेयर करीब 9 फीसदी तक चढ़ गया। हालांकि, ऊपरी स्तरों पर निवेशकों द्वारा की गई मुनाफावसूली (Profit Booking) के चलते यह दिन के हाई से थोड़ा नीचे आकर बंद हुआ।

शुरुआती कारोबार में शेयर चमका, फिर ऊपरी स्तरों पर हावी हुए बिकवाल

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर एलीटकॉन इंटरनेशनल के शेयर ने हरे निशान के साथ शुरुआत की। यह अपने पिछले बंद भाव 23.88 रुपये के मुकाबले 2.6% की बढ़त लेकर 24.51 रुपये पर खुला। बाजार के मजबूत सेंटिमेंट के दम पर स्टॉक में तेजी जारी रही और इसने 26 रुपये का इंट्राडे हाई छू लिया, जो पिछले बंद भाव से 8.87% ज्यादा था।

लेकिन इस ऊंचे स्तर पर टिकने के बजाय शेयर में अचानक प्रॉफिट बुकिंग देखी गई, जिससे यह फिसलकर 23.60 रुपये के निचले स्तर तक आ गया। यह स्तर इसके 52-हफ्ते के लो (23.25 रुपये) के बेहद करीब है। गौरतलब है कि कंपनी का 52-हफ्ते का उच्चतम स्तर 422.65 रुपये है, जो इसने 25 अगस्त 2025 को हासिल किया था। ताजा आंकड़ों के अनुसार, यह काउंटर 23.74 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा था और कंपनी का कुल मार्केट कैप 3,801.23 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। तकनीकी मोर्चे पर शेयर फिलहाल अपने 5-दिन, 20-दिन, 50-दिन, 100-दिन और 200-दिन के मूविंग एवरेज (DMA) से नीचे बना हुआ है।

700 करोड़ रुपये का महा-प्लान: 5 लाख रिटेल आउटलेट्स तक पहुंचेगी कंपनी

शेयर में आए इस उछाल के पीछे कंपनी का हालिया बड़ा बिजनेस अपडेट है। एलीटकॉन इंटरनेशनल ने आने वाले समय के लिए 700 करोड़ रुपये के अनुमानित कैपिटल खर्च (Capital Outlay) वाले एक बड़े एक्सपेंशन प्लान की रूपरेखा साझा की है। इस आक्रामक रणनीति के तहत कंपनी का लक्ष्य एक विशाल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क तैयार करना है, जिसमें चरणबद्ध तरीके से 5,000 पार्टनर्स को जोड़ा जाएगा।

कंपनी इसके जरिए 5,00,000 से अधिक रिटेल आउटलेट्स और 15 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी सीधी पहुंच बनाना चाहती है। इसके अलावा, कंपनी का विजन 10 मजबूत कंज्यूमर ब्रांड्स और 150 से अधिक स्टॉक कीपिंग यूनिट्स (SKUs) का एक बड़ा पोर्टफोलियो खड़ा करना है। इस पूरे उत्पादन को संभालने के लिए कंपनी नासिक स्थित अपनी मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का उपयोग करेगी, जहां क्षमता विस्तार और ऑटोमेशन अपग्रेड का काम तेजी से चल रहा है।

5 साल में 2,160% से ज्यादा का बंपर रिटर्न, जानिए क्या कहते हैं तकनीकी संकेतक

लॉन्ग टर्म इनवेस्टर्स के लिए इस काउंटर का ट्रैक रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है। पिछले पांच वर्षों में इस शेयर ने अपने शेयरधारकों को 2,161.90% का छप्परफाड़ रिटर्न देकर मल्टीबैगर साबित किया है। हालांकि, इस साल यानी 2026 में अब तक (YTD) स्टॉक में करीब 76.82% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जबकि इसके मुकाबले बेंचमार्क इंडेक्स में केवल 7.82% की नरमी आई है।

तकनीकी संकेतकों की बात करें तो स्टॉक का 14-दिन का रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) 24.81 पर आ गया है। मार्केट के नियमों के मुताबिक, 30 से नीचे का आरएसई लेवल स्टॉक के ‘ओवरसोल्ड’ या ‘अंडरवैल्यूड’ (सस्ता) होने का संकेत देता है, जिससे आने वाले समय में मूल्य सुधार की उम्मीद बढ़ जाती है।