13 साल बाद रातों-रात वायरल हुई रवि किशन की फिल्म, रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ का मिला ऐसा जबरदस्त फायदा

भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और सांसद रवि किशन का एक पुराना वीडियो इन दिनों इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहा है। साल 2013 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘धुरंधर: द शूटर’ अचानक दर्शकों की पहली पसंद बन गई है। दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म के दोबारा ट्रेंडिंग में आने के पीछे बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह की हालिया रिलीज ‘धुरंधर 2’ है। दोनों फिल्मों के नाम मिलते-जुलते होने के कारण दर्शक सोशल मीडिया पर भ्रमित हो रहे हैं और पुरानी फिल्म को बड़े चाव से सर्च कर रहे हैं।

‘धुरंधर 2’ के नाम का मिला फायदा

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ की अपार सफलता के बाद ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर दर्शकों ने ‘धुरंधर’ नाम को सर्च करना शुरू किया। इस दौरान लोगों को रवि किशन की 13 साल पुरानी फिल्म ‘धुरंधर: द शूटर’ के क्लिप्स मिले, जो देखते ही देखते वायरल हो गए। फिल्म के धाकड़ एक्शन सीन्स और रवि किशन की दमदार अदाकारी ने दर्शकों को इतना प्रभावित किया कि अब लाखों लोग इस फिल्म को यूट्यूब और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर दोबारा देख रहे हैं।

रवि किशन ने अपने अंदाज में तोड़ी चुप्पी

जब इस नई लोकप्रियता के बारे में रवि किशन से पूछा गया, तो उन्होंने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में कहा, “मेरी जिंदगी में ऐसे रोमांचक मोड़ आते रहते हैं। यह फिल्म अपने समय से थोड़ी अलग थी, जिसका स्केल और बजट आज के हिसाब से भी काफी बड़ा था। मुझे खुशी है कि इतने सालों बाद भी दर्शक इसे इतना प्यार दे रहे हैं।” एक्टर ने आगे हंसते हुए कहा, “जिस भी प्रोड्यूसर के पास आज इस फिल्म के राइट्स हैं, वह तो अचानक ही मालामाल और करोड़पति बन गया होगा!”

क्या थी ‘धुरंधर: द शूटर’ की खासियत

साल 2013 में रिलीज हुई यह फिल्म एक शुद्ध कमर्शियल भोजपुरी एक्शन ड्रामा थी। उस दौर में रिलीज के समय इसे सीमित दर्शक ही मिल पाए थे, लेकिन आज डिजिटल युग में इसके वायरल क्लिप्स ने इसे एक कल्ट क्लासिक का दर्जा दे दिया है। रवि किशन का कहना है कि यह फिल्म आज के युवाओं को भी अपनी कहानी और एक्शन के कारण खूब पसंद आ रही है।