शिल्पा शिंदे का सनसनीखेज यू-टर्न, 9 साल बाद कबूला- ‘भाभीजी घर पर हैं’ के प्रोड्यूसर पर लगाया था यौन उत्पीड़न का झूठा आरोप

टेलीविजन जगत की मशहूर अभिनेत्री और ‘भाभीजी घर पर हैं’ शो में ‘अंगूरी भाभी’ का आइकॉनिक किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली शिल्पा शिंदे इस वक्त जबरदस्त विवादों में घिर गई हैं। एक्ट्रेस ने एक ऐसा चौंकाने वाला खुलासा किया है, जिसने पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया है। शिल्पा शिंदे ने आखिरकार यह स्वीकार कर लिया है कि सालों पहले उन्होंने शो के निर्माता पर जो सेक्सुअल हैरेसमेंट (यौन उत्पीड़न) का आरोप लगाया था, वह पूरी तरह से झूठा था। इस चौंकाने वाले कबूलनामे के बाद से ही सोशल मीडिया पर शिल्पा शिंदे की चौतरफा फजीहत हो रही है और फैंस उनके इस कदम से बेहद नाराज नजर आ रहे हैं।

सच बताने में क्यों लगे 9 साल? एक्ट्रेस ने तोड़ी अपनी चुप्पी

शिल्पा शिंदे के इस यू-टर्न के बाद फैंस का गुस्सा सातवें आसमान पर है। लोग सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं कि गंभीर आरोपों का इस तरह खेल बनाना बिल्कुल गलत है और इसके लिए एक्ट्रेस को सजा मिलनी चाहिए। इस बीच शिल्पा ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस (IANS) से बातचीत में साफ किया है कि उन्हें इस सच को दुनिया के सामने लाने में पूरे 9 साल क्यों लग गए। शिल्पा ने कहा कि वह इस राज को बहुत पहले ही खोलना चाहती थीं, लेकिन उस वक्त कानूनी और आपसी समझौते के तहत एक वादा किया गया था। उन्होंने बताया कि हमारे बीच यह तय हुआ था कि हम इस पूरे विवाद पर मीडिया में कोई बयानबाजी या बातचीत नहीं करेंगे। शिल्पा ने आगे कहा कि मैं किसी से डरी हुई नहीं थी क्योंकि मुझे कभी किसी बात का डर नहीं रहा। मेरे साथ ऐसी चीजें इसलिए होती रहीं क्योंकि मैंने लाइफ में कभी पैसों को तवज्जो नहीं दी।

भारती सिंह के पॉडकास्ट में हुआ राज का पर्दाफाश, बोलीं- ‘कोई रास्ता नहीं बचा था’

शिल्पा शिंदे ने इस पूरे सच को मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया के पॉडकास्ट में जगजाहिर किया। उन्होंने बेहद बेबाकी से इस बात को स्वीकार करते हुए कहा कि यह एक ऐसा सच है जिसके बारे में आज तक कोई नहीं जानता था। मैं सच बोलने से कभी नहीं डरती और आज भी डंके की चोट पर कहूंगी कि हां, मैंने अपने प्रोड्यूसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज करवाया था क्योंकि उस वक्त मेरे पास मेकर्स को सबक सिखाने का कोई और रास्ता नहीं बचा था। शिल्पा ने बताया कि केस दर्ज होने के बाद जब प्रोड्यूसर दबाव में आए, तो बाद में आपसी सहमति से यह पूरा मामला सुलझा लिया गया था।

‘नखरे दिखाने’ के टैग ने बर्बाद किया करियर, हाथ से निकल गए कई बड़े प्रोजेक्ट्स

पॉडकास्ट के दौरान शिल्पा शिंदे का दर्द भी छलका। उन्होंने दावा किया कि जब वह ‘भाभीजी घर पर हैं’ शो कर रही थीं, तब उन पर सेट पर नखरे दिखाने और फीस बढ़ाने की मांग करने के झूठे आरोप लगाए गए थे। शिल्पा के मुताबिक, उन्होंने कभी भी मेकर्स के साथ ऐसा कोई बुरा बर्ताव नहीं किया था। शो के निर्माताओं ने जानबूझकर उनके खिलाफ यह नैरेटिव सेट किया ताकि वह शो छोड़कर कहीं और न जा सकें और इसी शो से बंधी रहें। शिल्पा ने आरोप लगाया कि इंडस्ट्री में उनके बारे में जो ‘नखरेबाज’ और ‘मुश्किल एक्ट्रेस’ की छवि बनाई गई, उसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा और इस वजह से उनके हाथ से टीवी और फिल्मों के कई बेहतरीन और बड़े ऑफर्स निकल गए।

जानिए क्या था साल 2016 का वो पूरा विवाद, जिसने खींचा ध्यान

आपको याद दिला दें कि शिल्पा शिंदे और ‘भाभीजी घर पर हैं’ के मेकर्स के बीच यह हाई-प्रोफाइल विवाद साल 2016 में शुरू हुआ था। उस वक्त शिल्पा ने कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों और अपने बकाया पेमेंट को लेकर निर्माताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था और बाद में अचानक शो को अलविदा कह दिया था। यह मामला साल 2017 में तब और ज्यादा गंभीर हो गया, जब शिल्पा ने शो के प्रोड्यूसर संजय कोहली के खिलाफ आधिकारिक तौर पर यौन उत्पीड़न की एफआईआर (FIR) दर्ज करा दी थी। अब करीब 9 साल बाद एक्ट्रेस के इस कबूलनामे ने मीटू (MeToo) जैसे गंभीर अभियानों की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।