
घर बैठे देश की सबसे बड़ी यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने का शानदार मौका आ गया है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय ओपन यूनिवर्सिटी (IGNOU) ने ओपन डिस्टेंस लर्निंग (ODL) और ऑनलाइन मोड (Online Mode) में चलाए जा रहे अपने सभी अंडर ग्रेजुएट (UG), पोस्ट ग्रेजुएट (PG), डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्सेज के जुलाई 2026 सत्र में दाखिले के लिए आधिकारिक तौर पर आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इग्नू द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन की विंडो 25 मई 2026 से खोल दी गई है। इच्छुक और योग्य छात्र 15 जुलाई 2026 तक अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं।
इस बार एडमिशन के लिए ‘APAAR ID’ रखना होगा तैयार
इग्नू ने इस सत्र से एक बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव किया है। विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया शुरू करने से पहले सभी छात्रों के पास अपनी APAAR ID (Automated Permanent Academic Account Registry ID) होना अनिवार्य है। बिना इसके आवेदन फॉर्म पूरा नहीं किया जा सकेगा।
स्कॉलरशिप का मौका: प्रवेश (Admission) की पुष्टि होने के बाद, पात्र छात्र भारत सरकार की विभिन्न छात्रवृत्तियों के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NPS) https://scholarships.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
इग्नू ऑनलाइन आवेदन के चरण (Step-by-Step Registration Process)
यदि आप इग्नू में पहली बार आवेदन कर रहे हैं, तो नीचे दिए गए चरणों का सावधानीपूर्वक पालन करें:
1.कोर्स और पात्रता की जांच:स्टेप 1.
इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। सबसे पहले ‘Available Programme’ टैब पर क्लिक करें, अपना मनपसंद कोर्स चुनें और उसकी पात्रता मानदंड (Eligibility), फीस विवरण और अवधि को ध्यान से पढ़ें। साथ ही यूनिवर्सिटी का कॉमन प्रोस्पेक्टस जरूर डाउनलोड कर लें।
2.नया पंजीकरण (New Registration):स्टेप 2.
डिस्टेंस लर्निंग (ODL) के लिए ignouadmission.samarth.edu.in या ऑनलाइन कोर्स के लिए ignouiop.samarth.edu.in पर जाएं। यहां होमपेज पर दिख रहे ‘NEW REGISTRATION’ बटन पर क्लिक करें।
3.ईमेल और मोबाइल वेरिफिकेशन:स्टेप 3.
पंजीकरण फॉर्म में अपना सक्रिय ईमेल और मोबाइल नंबर भरें। ध्यान रहे, इन दोनों को OTP (वन-टाइम पासवर्ड) के माध्यम से तुरंत सत्यापित (Verify) किया जाएगा।
4.यूजरनेम और पासवर्ड बनाना:स्टेप 4.
अपना Username चुनें (यह 8 से 16 अक्षरों के बीच होना चाहिए)। इसके बाद एक मजबूत Password बनाएं, जो अल्फ़ान्यूमेरिक (अक्षर, विशेष चिह्न और संख्या का मिश्रण) हो और इसकी लंबाई भी 8 से 16 अक्षरों के बीच हो।
5.सबमिट और लॉगिन:स्टेप 5.
सभी अनिवार्य जानकारी भरने के बाद ‘SUBMIT’ बटन पर क्लिक करें। आपका यूजरनेम तुरंत आपको ईमेल और SMS के जरिए भेज दिया जाएगा। अब इस यूजरनेम और पासवर्ड का उपयोग करके पोर्टल पर लॉगिन करें और अपना विस्तृत आवेदन फॉर्म भरें।
फॉर्म भरने से पहले ये जरूरी दस्तावेज (Documents) रखें तैयार
ऑनलाइन फॉर्म भरना शुरू करने से पहले, सुनिश्चित करें कि आपके पास निम्नलिखित सभी दस्तावेज उनकी मूल कॉपियों (Original Copies) से स्कैन किए हुए डिजिटल फॉर्मेट में उपलब्ध हों:
-
पासपोर्ट फोटो: सफेद बैकग्राउंड वाली स्पष्ट, रंगीन पासपोर्ट आकार की फोटो (JPEG फॉर्मेट, साइज 100 KB से कम)।
-
हस्ताक्षर: अभ्यर्थी के हस्ताक्षर की सॉफ्टकॉपी (JPEG फॉर्मेट, साइज 100 KB से कम)।
-
शैक्षणिक योग्यता: 10वीं, 12वीं या स्नातक के अंकपत्र और सर्टिफिकेट (JPEG/PDF फॉर्मेट, साइज 200 KB से कम)।
-
अनुभव प्रमाण पत्र: यदि कोर्स के लिए कार्य अनुभव मांगा गया है (JPEG/PDF फॉर्मेट, साइज 200 KB से कम)।
-
श्रेणी प्रमाण पत्र: यदि आप SC/ST/OBC कैटेगरी के तहत आते हैं (JPEG/PDF फॉर्मेट, साइज 200 KB से कम)।
फीस भुगतान के तरीके: आप अपनी प्रोग्राम फीस का भुगतान ऑनलाइन माध्यमों जैसे- क्रेडिट कार्ड (Master/Visa), डेबिट कार्ड (Master/Visa/Rupay), नेट बैंकिंग या यूपीआई (UPI) के जरिए सुरक्षित रूप से कर सकते हैं। दस्तावेज अपलोड होने के बाद फॉर्म का ‘Preview’ देखें और भविष्य के संदर्भ के लिए इसका एक प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।
एडमिशन रद्द करने और फीस वापसी (Fee Refund) के कड़े नियम
यदि कोई छात्र एडमिशन लेने के बाद अपना दाखिला रद्द करवाना चाहता है, तो इग्नू के ये नियम जानना बेहद जरूरी है:
| स्थिति / समय सीमा | फीस वापसी का नियम |
| रजिस्ट्रेशन फीस (Registration Fee) | किसी भी परिस्थिति में वापस नहीं की जाएगी। |
| एडमिशन पक्का होने से पहले | यदि आपका दाखिला कंफर्म नहीं हुआ है और आप रद्द करते हैं, तो पूरी जमा फीस वापस कर दी जाएगी। |
| एडमिशन पक्का होने के बाद | कुल प्रोग्राम फीस में से 15% की कटौती (अधिकतम ₹2,000 तक) करके बाकी रकम वापस होगी। |
| स्टडी मटीरियल की सॉफ्ट कॉपी चुनने पर | यदि आपने डिजिटल बुक्स चुनी हैं, तो सिर्फ रजिस्ट्रेशन फीस काटकर पूरी रकम वापस मिलेगी। |
| फीस छूट (SC/ST) वाले छात्रों के लिए | जिन्होंने सिर्फ रजिस्ट्रेशन और डेवलपमेंट फीस दी है, उन्हें केवल डेवलपमेंट फीस वापस मिलेगी। |
| 60 दिनों के बाद | एडमिशन बंद होने की आधिकारिक तारीख के 60 दिनों के बाद कोई भी फीस वापस नहीं की जाएगी। |
इग्नू द्वारा कराए जाने वाले प्रमुख ऑनलाइन कोर्सेज की सूची
इग्नू के ऑनलाइन पोर्टल (ignouiop.samarth.edu.in) के माध्यम से छात्र घर बैठे निम्नलिखित लोकप्रिय डिग्रियों के लिए आवेदन कर सकते हैं:
-
पोस्टग्रेजुएट (Master Degree): एम.ए. (अंग्रेज़ी, हिन्दी, संस्कृत, अनुवाद अध्ययन, पत्रकारिता एवं जनसंचार, ग्रामीण विकास, डिस्टेंस एजुकेशन, सस्टेनेबिलिटी साइंस, गांधी एवं शांति अध्ययन), एम.कॉम (वाणिज्य), एमबीए (MBA) और एमसीए (MCA)।
-
स्नातक (Bachelor Degree): बीसीए (BCA – नया), बी.कॉम (B.Com), बीएसडब्ल्यू (BSW), बैचलर ऑफ टूरिज़्म स्टडीज़ (BTS), बैचलर ऑफ टूरिज़्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट, और बीएलआईएस (BLIS – लाइब्रेरी साइंस)।
-
डिप्लोमा: पीजी डिप्लोमा (डिजिटल मीडिया, ग्रामीण विकास, डिस्टेंस एजुकेशन, पर्यावरण एवं व्यावसायिक स्वास्थ्य, डेवलपमेंट कम्युनिकेशन), डिप्लोमा इन क्रिएटिव राइटिंग (अंग्रेजी), उर्दू भाषा, पर्यटन अध्ययन और पोषण एवं स्वास्थ्य शिक्षा।
-
सर्टिफिकेट कोर्स: सूचना प्रौद्योगिकी (IT), फूड एवं न्यूट्रिशन, लाइब्रेरी एवं सूचना विज्ञान, सरल संस्कृत बोध, जनजातीय अध्ययन, फ्रेंच, स्पैनिश, रूसी और अरबी भाषा सर्टिफिकेट।
girls globe