फ्लिपकार्ट का बड़ा धमाका! अब रोजमर्रा की शॉपिंग करने पर बिल्कुल फ्री मिलेगा नेटफ्लिक्स सब्सक्रिप्शन, जानिए क्या है नया ऑफर

ई-कॉमर्स दिग्गज फ्लिपकार्ट (Flipkart) ने अपने करोड़ों ग्राहकों के लिए एक बेहद शानदार और रोमांचक सौगात का ऐलान किया है। अगर आपको भी फिल्में, वेब सीरीज और लोकप्रिय टीवी शो देखने का शौक है, तो यह खबर आपके चेहरे पर मुस्कान ले आएगी। फ्लिपकार्ट ने एंटरटेनमेंट की दुनिया के सबसे बड़े स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ‘नेटफ्लिक्स’ (Netflix) के साथ एक बड़ी पार्टनरशिप की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत अब फ्लिपकार्ट प्लस (Flipkart Plus) मेंबर्स को सामान्य ऑनलाइन खरीदारी करने पर हर महीने बिल्कुल मुफ्त नेटफ्लिक्स मोबाइल प्लान मिलेगा। यह सुविधा 1 अगस्त से शुरू हो रही है, जिसके बाद यूजर्स को अलग से नेटफ्लिक्स का सब्सक्रिप्शन खरीदने या रिचार्ज कराने की कोई जरूरत नहीं पड़ेगी।

कैसे मिलेगा फ्री नेटफ्लिक्स प्लान? जानिए नियम और शर्तें

इस आकर्षक प्रोग्राम का लाभ उठाने के लिए फ्लिपकार्ट ने कुछ आसान नियम तय किए हैं:

  • इस योजना के तहत, फ्लिपकार्ट प्लस मेंबर्स को एक कैलेंडर महीने में कम से कम ₹299 की कीमत वाले चार क्वालिफाइंग ऑर्डर पूरे करने होंगे।

  • यह खरीदारी आप फ्लिपकार्ट (Flipkart), फ्लिपकार्ट ग्रोसरी (Flipkart Grocery) और फ्लिपकार्ट मिनट्स (Flipkart Minutes) यानी क्विक कॉमर्स सर्विस के जरिए कर सकते हैं।

  • जैसे ही ग्राहक अपनी चौथी योग्य खरीदारी पूरी कर लेंगे, उन्हें अगले 30 दिनों के लिए ‘नेटफ्लिक्स मोबाइल प्लान’ मुफ्त में मिल जाएगा।

  • 30 दिन की अवधि खत्म होने के बाद, अगले महीने फिर से यह फायदा पाने के लिए यूजर को चार योग्य खरीदारी दोबारा करनी होंगी।

फ्लिपकार्ट ऐप में ऐसे आसानी से एक्टिवेट होगा प्लान

इस खास प्लान को सीधे फ्लिपकार्ट ऐप के जरिए ही एक्टिवेट किया जा सकेगा, जिसके लिए ग्राहकों को कोई भी अतिरिक्त भुगतान नहीं करना होगा। जो ग्राहक अभी तक ‘फ्लिपकार्ट प्लस’ का हिस्सा नहीं हैं, वे भी निराश न हों। ऐसे यूजर्स 12 महीनों के भीतर 15 ऑर्डर पूरे करके आसानी से इसके मेंबर बन सकते हैं। खास बात यह है कि इस मेंबरशिप के लिए कोई भी अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होता है। यह ऑफर फ्लिपकार्ट के पूरे इकोसिस्टम में उपलब्ध है, जिसमें इसकी ग्रोसरी और क्विक कॉमर्स सर्विस भी शामिल हैं।

शॉपिंग और एंटरटेनमेंट का अनोखा मेल

कंपनियों का कहना है कि इस पार्टनरशिप का मुख्य उद्देश्य शॉपिंग रिवॉर्ड्स और डिजिटल एंटरटेनमेंट को एक साथ जोड़ना है। अधिकांश ग्राहक हर महीने ग्रोसरी, रोजमर्रा की जरूरी चीजों और क्विक कॉमर्स के जरिए कई ऑर्डर देते हैं, जिससे रोजाना की खरीदारी के बदले रिवॉर्ड पाना बेहद आसान हो जाता है। योग्य यूजर्स मोबाइल प्लान के जरिए नेटफ्लिक्स की बेहतरीन भारतीय और इंटरनेशनल फिल्मों और सीरीज का लुत्फ उठा सकेंगे।

इस पहल के बारे में बात करते हुए फ्लिपकार्ट में सीएफओ और एसवीपी (स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप) रवि अय्यर ने कहा कि यह पहल ग्राहकों की मौजूदा शॉपिंग आदतों पर आधारित है, जिसमें इनाम के तौर पर एंटरटेनमेंट को जोड़ा गया है। वहीं, नेटफ्लिक्स में एपेक पार्टनरशिप – बिजनेस डेवलपमेंट के उपाध्यक्ष लॉरेंट उगुएन ने कहा कि भारत में यह कंपनी की पहली ई-कॉमर्स पार्टनरशिप है, जिसे रोजमर्रा की उपभोक्ता आदतों के जरिए नेटफ्लिक्स को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए डिजाइन किया गया है। यह पार्टनरशिप फ्लिपकार्ट प्लस सदस्यों के लिए एक नया लॉयल्टी फायदा है, जो बार-बार की जाने वाली शॉपिंग एक्टिविटी को महीने के स्ट्रीमिंग सब्सक्रिप्शन से जोड़ती है।