पहले ‘P’ से पिछड़ा बताया, फिर पंडित… किसी दिन पाकिस्तान भी बता देंगे, सीएम योगी का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मी लगातार तेज होती जा रही है। राजनीतिक दल एक-दूसरे पर तीखे हमले कर रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और उनके पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के राजनीतिक समीकरण पर निशाना साधा। सीएम योगी ने पीडीए में ‘P’ की व्याख्या को लेकर अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि रंग बदलने वाले लोग इसकी परिभाषा लगातार बदल रहे हैं।

‘P’ को लेकर सीएम योगी ने कसा तंज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये लोग गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं और उसी तरह अपनी राजनीतिक परिभाषाएं भी बदलते रहते हैं। उन्होंने कहा कि पहले ‘P’ को पिछड़े वर्ग से जोड़ा गया, फिर इसे पंडित से जोड़ा गया और अब देखना, किसी दिन ‘P’ की परिभाषा पाकिस्तान से भी कर देंगे।

सीएम योगी का यह बयान ऐसे समय आया है जब यूपी की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर जातीय समीकरण और सामाजिक गठजोड़ चर्चा के केंद्र में हैं। सपा लगातार पीडीए के मुद्दे को अपनी राजनीति का अहम आधार बना रही है, जबकि भाजपा विपक्षी दलों की रणनीति पर लगातार सवाल उठा रही है।

कल्याण सिंह के मुद्दे पर भी अखिलेश को घेरा

सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह का जिक्र करते हुए भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने कल्याण सिंह को प्रत्यक्ष श्रद्धांजलि देने के बजाय अपने शब्दों से भी उनके प्रति सम्मान व्यक्त नहीं किया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा प्रमुख के मन में कल्याण सिंह के प्रति इतना द्वेष है कि यह बेहद बड़ा अपमान है। उन्होंने इसे केवल कल्याण सिंह का अपमान नहीं, बल्कि उस सनातन हिंदू समाज का भी अपमान बताया, जो मानता है कि बाबू जी का पूरा जीवन हिंदू गौरव के लिए समर्पित रहा।

‘यह हर हिंदू का अपमान है’

मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह ने जो कहा, उसे करके भी दिखाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा मुखिया की ओर से किया गया यह व्यवहार पहली बार नहीं है और इसे जातीय अपमान के तौर पर देखा जाना चाहिए। योगी ने कहा कि यह हर उस हिंदू का अपमान है, जो कल्याण सिंह के योगदान को सम्मान की नजर से देखता है।

मायावती की श्रद्धांजलि का भी किया जिक्र

अपने बयान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मायावती सामने आईं और उन्होंने अपना दायित्व निभाते हुए कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी।

सीएम योगी ने सपा प्रमुख पर हमला जारी रखते हुए कहा कि कल्याण सिंह के प्रति ऐसा रवैया जातीय अपमान के साथ-साथ हर हिंदू के अपमान के समान है। यूपी की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के बीच बढ़ती बयानबाजी को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पीडीए, जातीय समीकरण और हिंदुत्व से जुड़े मुद्दों पर सियासी टकराव और तेज हो सकता है।