जब लगातार फ्लॉप से टूट चुके थे अमिताभ बच्चन, अभिनेत्री बिंदू ने सुनाया शूटिंग का वो मजेदार किस्सा

बॉलीवुड के ‘शहंशाह’ अमिताभ बच्चन के करियर के शुरुआती दिन आज जितने शानदार लगते हैं, हकीकत में वे उतने ही संघर्षपूर्ण थे। हाल ही में दिग्गज अभिनेत्री बिंदू ने बिग बी के साथ जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया है, जो न केवल मजेदार है बल्कि उस दौर के तनाव को भी बयां करता है। बिंदू और अमिताभ ने ‘जंजीर’ और ‘अभिमान’ जैसी कई यादगार फिल्मों में साथ काम किया है, लेकिन शूटिंग के दौरान हुई एक घटना ने उन्हें हमेशा के लिए एक हसीन याद दे दी।

जब हवा के झोंके ने बदल दी दिशा

बिंदू ने एक इंटरव्यू में बताया कि फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में वे लोग ऋषिकेश गए थे। काम खत्म होने के बाद पूरी टीम देहरादून में डिनर के लिए निकली थी। लौटते समय बिंदू पान खा रही थीं। वे बताती हैं, “हम खुली खिड़कियों वाली गाड़ी में थे और हवा सीधे मेरे चेहरे पर लग रही थी। मैंने पान थूकने के लिए जैसे ही खिड़की से सिर बाहर निकाला, हवा की दिशा ने सब कुछ बदल दिया। वह पान सीधे अमिताभ बच्चन की शर्ट पर जा गिरा।” बिंदू के लिए यह पल बेहद शर्मिंदगी भरा था, लेकिन बिग बी ने जिस तरह इसे संभाला, वह उनकी दरियादिली दर्शाता है।

अमिताभ का रिएक्शन और ‘इलाहाबाद वाली’ चिंता

इस घटना के बाद अमिताभ बच्चन ने गुस्सा होने के बजाय बिंदू को माफ कर दिया, लेकिन इसे उन्होंने हमेशा के लिए मजाक का विषय बना लिया। वे अक्सर बिंदू की टांग खिंचाई करते थे। इसी दौरान बिंदू ने एक और गंभीर याद साझा की। उन्होंने बताया कि उन दिनों अमिताभ बच्चन लगातार फ्लॉप फिल्मों के कारण बहुत तनाव में थे। एक बार प्लेन के सफर में उन्होंने बिंदू और अपनी हेयर-ड्रेसर से कहा था, “मेरी फिल्में बैक-टू-बैक फ्लॉप हो रही हैं, पता नहीं आगे क्या होगा, अब तो इलाहाबाद की टिकट ही कटवानी पड़ेगी।” उस दौर में बिग बी हार मानने की कगार पर थे, लेकिन उसके ठीक बाद ‘जंजीर’ और ‘दीवार’ जैसी फिल्मों ने इतिहास बदल दिया और वे सदी के महानायक बन गए।