Tuesday , November 24 2026

जनता के विश्वास पर खरा उतरना मेरा दायित्व, जनसेवा के लिए सदैव समर्पित रहता हूँ : केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज लखनऊ में जनता दर्शन के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने पेंशन, आवास, सड़क, नाली निर्माण, भूमि विवाद, अवैध कब्जे, पैमाइश तथा विद्युत संबंधी समस्याओं सहित विभिन्न विषयों पर अपनी शिकायतें एवं अनुरोध पत्र प्रस्तुत किए। उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मेरे पास अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं लेकर आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान कराना मेरी प्रतिबद्धता है। जनता का विश्वास और स्नेह ही मुझे निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि जनता जिस विश्वास और उम्मीद के साथ बड़ी संख्या में अपनी समस्याएं लेकर आती है, उस विश्वास पर खरा उतरना मेरा दायित्व है। मैं जनसेवा के माध्यम से लोगों के इस विश्वास और आशीर्वाद को सदैव बनाए रखने का प्रयास करता रहूंगा।

जनता दर्शन में भूमि पर अवैध कब्जे से मुक्ति दिलाने, नाली निर्माण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, भूमि की पैमाइश कराने तथा विद्युत समस्याओं से संबंधित सैकड़ों शिकायतें भी प्राप्त हुईं। श्री मौर्य ने कई जनपदों के जिलाधिकारियों एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को लिखित एवं दूरभाष के माध्यम से निर्देशित किया कि शिकायतों को प्राथमिकता पर लेते हुए उनका निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही नहीं होनी चाहिए।