
आज, शनिवार दो मई को रूद्रपुर में पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय परिसर में जनगणना और कार्यक्रम क्रियान्वयन से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की गई। जिसमें सचिव संस्कृत शिक्षा, जनगणना और कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग दीपक कुमार की अध्यक्षता में जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में सचिव दीपक कुमार ने निर्देश दिए कि जिला प्रशासन के अधिकारी गांवों में भ्रमण के दौरान कम से कम एक रात विश्राम करें। जिससे ग्रामीणों की वास्तविक समस्याओं को समझा जा सके। साथ ही उनका प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
जनगणना 2027 को पारदर्शिता और नियमानुसार करें
दरअसल जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर सचिव ने अब तक की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि समस्त कार्य पारदर्शिता और नियमानुसार किया जाए। उन्होंने ये भी निर्देश दिए कि विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षकों की ड्यूटी एक साथ न लगाई जाए। जिससे शैक्षणिक कार्य प्रभावित न हो और जनगणना कार्य भी सुचारू रूप से चलता रहे।
साथ ही आमजन को जागरूक करने के लिए कहा कि किसी भी अपरिचित व्यक्ति को पहचान पत्र देखे बिना अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। इसके लिए पंतनगर स्थित रेडियो यंत्र और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
हिंदी और संस्कृत भाषा के उपयोग को बढ़ावा
उन्होंने भाषा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि हिंदी हमारी प्रथम राजभाषा और संस्कृत द्वितीय राजभाषा है। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यालयों और अधिकारियों के नाम हिंदी के साथ-साथ संस्कृत में भी लिखे जाएं। इसके लिए आवश्यकतानुसार संस्कृत विभाग से अनुवाद कराया जाए। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थलों पर स्वागत संदेशों में भी संस्कृत के प्रयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मजबूती लाने के निर्देश
सचिव दीपक कुमार ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सीएचसी और पीएचसी केंद्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को देखते हुए टेलीमेडिसिन परामर्श की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को भी निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सके। उन्होंने साइबर फ्रॉड और साइबर सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
ड्रग्स फ्री उत्तराखंड के लिए संयुक्त रूप से कार्रवाई के निर्देश
उन्होंने “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” संकल्प के लिए ड्रग्स इंस्पेक्टर और पुलिस विभाग को समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पर्यटन विभाग को निर्देशित किया गया कि जिले में होमस्टे की संख्या बढ़ाने के लिए प्रयासों में तेजी लाई जाए। जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सके। साथ ही गैस वितरण प्रणाली की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों का पूरा लाभ
आयुष्मान भारत योजना पर सचिव ने कहा कि सभी पात्र लाभार्थियों को योजना का पूरा लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अधिक से अधिक लोगों का पंजीकरण किया जाए। ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस महत्वपूर्ण योजना से वंचित न रह जाए।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं और हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीत, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि अधिकतम शिकायतों का समाधान एल-1 स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके। जिन विभागों में शिकायतें अधिक संख्या में लंबित हैं, उनसे कारण ज्ञात करते हुए निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
गड्ढा मुक्त सड़क अभियान में तेजी लाए अधिकारी
बैठक में उन्होंने “गड्ढा मुक्त सड़क” अभियान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सड़कों का मरम्मत कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। जिससे मानसून के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। विद्यालयों में बालिकाओं और महिला कर्मचारियों के लिए स्थापित शौचालयों की साफ-सफाई और समुचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जनगणना 2027 के लिए सुपरवाइजरों की नियुक्ति
जनगणना 2027 की तैयारियों की समीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने बताया कि प्रगणकों और सुपरवाइजरों की नियुक्ति कर दी गई है। तथा मकानों की गणना का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिसे पोर्टल पद प्रतिदिन अपडेट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मकानों की गणना के कार्य पूरी पार्दर्शिता व त्रुटिरहित किया जा रहा है।
girls globe