केशव मौर्य के जनता दर्शन में लगी भीड, उपचार हेतु आर्थिक मदद एवं भर्ती, नाली, सडक, फौजदारीजैसे अनैकों मामलों में दिये आदेश

केशव प्रसाद मौर्य ने आज अपने सरकारी आवास 7, कालिदास मार्ग, लखनऊ पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में विभिन्न जिलों से आए फरियादियों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं को उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, स्वयं प्रत्येक शिकायतकर्ता के पास पहुंचे, उनकी पूरी बात धैर्यपूर्वक सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए लिखित निर्देश जारी किए। कई मामलों में उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। जनता दर्शन में सड़क, नाली, पेयजल व्यवस्था, चकमार्गों पर अतिक्रमण, राजस्व भूमि से जुड़े विवाद, विद्युत आपूर्ति की समस्याएं, विद्युत भार वृद्धि के लिए नए ट्रांसफार्मर की स्थापना, आवास, चिकित्सा सहायता तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित अनेक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जनता दर्शन के दौरान श्रीमती सरोज कुमार, पत्नी श्री राजेन्द्र कश्यप, निवासी मोहनलालगंज, लखनऊ ने आयुष्मान भारत कार्ड उपलब्ध कराए जाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने का अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता के अनुसार तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, हरदोई निवासी श्री नीरज मौर्य ने अपनी बहन ऊर्षा मौर्य के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह/कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने का अनुरोध किया। इस संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया।

आजमगढ़ जनपद के ग्राम लेडूपार की ग्राम प्रधान श्रीमती विभावती सिंह ने गांव में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु 25 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित कराने का अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, आगरा जनपद के विकास खंड सैंया के ग्राम डुडीपुर की निवासी श्रीमती गुड्डी, पत्नी श्री कालीचरण ने मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने का अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री ने पात्रता के आधार पर शीघ्र परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, कानपुर देहात की आरती देवी ने पुलिस भर्ती परीक्षा में स्वास्थ्यगत आवश्यकता को देखते हुए नेबुलाइज़र ले जाने एवं उपयोग की अनुमति प्रदान किए जाने का अनुरोध किया।