
केशव प्रसाद मौर्य ने आज प्रयागराज स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय पार्क में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित प्रयागराज का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने ऐतिहासिक स्मरण स्तंभ, शिलालेख एवं चित्रों का अवलोकन कर इस स्थल से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं और महापुरुषों के योगदान का स्मरण किया।
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रयागराज की धरती भारतीय इतिहास, संस्कृति, राष्ट्रबोध और स्वतंत्रता संघर्ष की गौरवशाली स्मृतियों को अपने में समेटे हुए है। पंडित मदन मोहन मालवीय पार्क केवल एक उद्यान नहीं, बल्कि देश के इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय का साक्षी है। इस ऐतिहासिक स्थल का संरक्षण करना और नई पीढ़ी को इसके महत्व से परिचित कराना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि इस स्थल का इतिहास वर्ष 1858 की उस ऐतिहासिक घटना से जुड़ा है, जब तत्कालीन गवर्नर जनरल लॉर्ड कैनिंग ने महारानी विक्टोरिया की घोषणा पढ़ी थी। इस घोषणा के माध्यम से भारत में ईस्ट इंडिया कंपनी के शासन का अंत हुआ और शासन सीधे ब्रिटिश क्राउन के अधीन आ गया। इस ऐतिहासिक घटना की स्मृति में यहां स्मारक स्तंभ स्थापित किया गया। वर्ष 1910 में इस पार्क को मिंटो पार्क के नाम से जाना गया।
श्री मौर्य ने कहा कि महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी का जीवन शिक्षा, राष्ट्रसेवा और भारतीय सांस्कृतिक चेतना के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी समाज को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया और स्थानीय नागरिकों से आत्मीय भेंट की। स्थानीय निवासियों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
girls globe
