
मार्वल स्टूडियोज की मेगा बजट फिल्म ‘एवेंजर्स: डूमस्डे’ (Avengers: Doomsday) को लेकर दुनियाभर के सिनेप्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की दीवानगी का आलम यह है कि इसकी रिलीज में अभी चार महीने का वक्त बाकी है, लेकिन इंटरनेट पर इससे जुड़ी चर्चाएं अभी से चरम पर पहुंच गई हैं। हाल ही में फिल्म का एक स्पेशल लुक सामने आया था, जिसके बाद फैंस की बेताबी और अधिक बढ़ गई है। इस बीच, सोशल मीडिया पर कुछ ऐसी तस्वीरें लीक हुई हैं, जिन्होंने मार्वल फैंस के बीच खलबली मचा दी है।
लीक तस्वीरों में किन किरदारों की भिड़ंत
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो रही कुछ नई तस्वीरों और लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में कई मल्टीवर्स के दिग्गज सुपरहीरो आपस में टकराते नजर आएंगे। एक पोस्ट में टोबी मैग्वायर के स्पाइडर-मैन, मैग्नेटो, वूवरिन और लोकी जैसे लोकप्रिय किरदारों को एक साथ देखा जा सकता है। इसके अलावा, एक अन्य वायरल तस्वीर में स्पाइडर-मैन और ह्यू जैकमैन के किरदार वूवरिन के बीच भी जोरदार भिड़ंत होने के संकेत मिल रहे हैं।
क्या डॉक्टर डूम के हाथों होगी बकी बर्नर्स की मौत
इन सभी लीक अपडेट्स के बीच सबसे बड़ी चर्चा एक ऐसे स्पॉयलर को लेकर है, जिसने फैंस को हैरान कर दिया है। वायरल तस्वीरों और कयासों के आधार पर यह दावा किया जा रहा है कि फिल्म में मार्वल के बेहद लोकप्रिय सुपरहीरो बकी बर्नर्स (Bucky Barnes), जिन्हें विंटर सोल्जर के नाम से भी जाना जाता है, का सफर समाप्त हो सकता है।
कहा जा रहा है कि फिल्म के मुख्य खलनायक ‘डॉक्टर डूम’ (Doctor Doom) के हाथों बकी बर्नर्स की मौत हो सकती है। हालांकि, सामने आई यह तस्वीर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार की गई प्रतीत होती है, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स और मार्वल थ्योरी चैनल्स पर इसे लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। यह तो फिल्म के रिलीज होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह महज एक अफवाह थी या सचमुच मेकर्स ने कोई बड़ा ट्विस्ट छिपा रखा है।
कब रिलीज होगी ‘एवेंजर्स: डूमस्डे’
रॉबर्ट डाउनी जूनियर (Robert Downey Jr.) इस फिल्म में खूंखार विलेन ‘डॉक्टर डूम’ की भूमिका निभाकर मार्वल यूनिवर्स में वापसी कर रहे हैं। उनके अलावा फिल्म में पेड्रो पास्कल, क्रिस हेम्सवर्थ, वैनेसा किर्बी और एंथनी मैकी जैसे कई नामी हॉलीवुड सितारे मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म इसी साल 18 दिसंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
girls globe