ऊखीमठ से रवाना हुई बाबा केदार की पंचमुखी डोली, इस दिन खुलेंगे Kedarnath Dham के कपाट

Kedarnath Dham: आज 19 अप्रैल को भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से विधिवत पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोच्चार के बीच केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो गई। परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार मंदिर की परिक्रमा के उपरांत डोली (Kedarnath Doli) ने अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।

Kedarnath

ऊखीमठ से रवाना हुई बाबा केदार की पंचमुखी डोली

डोली प्रस्थान के दौरान पूरा इलाका “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में भक्त डोली के साथ पैदल यात्रा पर भी निकले। डोली प्रस्थान से पहले ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का भारी जनसमूह उमड़ा। इस दौरान भक्तों ने पुष्प वर्षा कर बाबा केदार का आशीर्वाद लिया।

मंदिर परिसर को फूलों से सजाया

मंदिर परिसर को करीब आठ कुंतल फूलों से सजाया गया। जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो उठा। पहले की परंपरा के अनुसार शनिवार रात को भैरवनाथ जी की पूजा-अर्चना भी संपन्न की गई। निर्धारित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार डोली ऊखीमठ से प्रस्थान कर गुप्तकाशी पहुंचेगी।

जहां विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं को दर्शन देने के लिए अल्प विश्राम किया जाएगा। इसके पश्चात डोली फाटा के लिए प्रस्थान करेगी। जहां रात विश्राम किया जाएगा। आने वाली 20 अप्रैल को डोली फाटा से प्रस्थान कर गौरीकुंड स्थित गौरीमाई मंदिर पहुंचेगी। जहां रात को विश्राम किया जाएगा।

Kedarnath

21 अप्रैल को केदारनाथ धाम पहुंचेगी डोली

21 अप्रैल को सुबह गौरीकुंड से प्रस्थान कर डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी। साथ ही मंदिर भंडार में विराजमान होगी। तत्पश्चात 22 अप्रैल 2026 को सुबह 08:00 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।

22 अप्रैल से केदारनाथ यात्रा 2026 शुरू

जिसके साथ ही केदारनाथ यात्रा 2026 का भी शुभारंभ होगा। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग और मुख्य कार्याधिकारी बी.के.टी.सी. विशाल मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार डोली यात्रा और इस यात्रा सीजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है।

इस यात्रा सीजन के लिए तैयारियां पूरी

साथ ही स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत, सड़क एवं पैदल मार्गों का सुदृढ़ीकरण, बर्फ हटाने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिससे यात्रा सुचारू, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। पूरे इलाके में भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं में बाबा केदार के प्रति गहरी आस्था और उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।