
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज राजकीय खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी संस्थान, सप्रू मार्ग, लखनऊ में आयोजित भव्य कार्यक्रम में संस्थान की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं में स्थापित नवीन मशीनों का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान का निरीक्षण कर खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित आधुनिक तकनीकों एवं नवीन उपकरणों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा, जिससे वे आधुनिक उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बन सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं से आत्मीय संवाद किया तथा उनके अनुभवों, प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कौशल विकास एवं तकनीकी प्रशिक्षण आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव हैं। उन्होंने छात्राओं से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का उपयोग स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में करने का आह्वान किया तथा कहा कि सरकार युवाओं, विशेषकर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
श्री मौर्य ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में रोजगार एवं उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं। आधुनिक तकनीक, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के माध्यम से प्रदेश के युवा एवं महिलाएं न केवल स्वयं रोजगार प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं।इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश देते हुए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रकृति का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारियों, प्रशिक्षकों, छात्राओं एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
girls globe