जब वाइट हाउस में अकेले पड़े उपराष्ट्रपति जेडी वेंस,अपनी स्थिति की तुलना फिल्म होम अलोन के केविन से की

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों चीन के आधिकारिक दौरे पर हैं और द्विपक्षीय वार्ताओं में व्यस्त हैं। उनकी अनुपस्थिति में वाइट हाउस की जिम्मेदारी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस संभाल रहे हैं। इस दौरान वेंस का एक मजाकिया बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वेंस ने वाइट हाउस में अपनी स्थिति की तुलना 1990 की कल्ट क्लासिक फिल्म ‘होम अलोन’ के उस बच्चे (मैकाले कल्किन) से कर दी, जो घर में अकेला छूट जाता है। वेंस की यह बात सुनकर प्रेस ब्रीफिंग में मौजूद पत्रकारों की हंसी फूट पड़ी।

सीक्रेट सर्विस प्रोटोकॉल: क्यों साथ नहीं उड़ते राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति?

पत्रकारों से बात करते हुए जेडी वेंस ने अमेरिकी सुरक्षा प्रोटोकॉल की दिलचस्प जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सीक्रेट सर्विस के नियमों के तहत ‘लाइन ऑफ सक्सेशन’ यानी सत्ता के उत्तराधिकार को सुरक्षित रखने के लिए राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति एक साथ विदेश यात्रा नहीं कर सकते। वेंस ने कहा, “जैसा कि आप जानते हैं, राष्ट्रपति कुछ घंटे पहले ही चीन पहुंचे हैं। नियमों के कारण मैं उनके साथ देश से बाहर यात्रा नहीं करता।” यही कारण है कि जब राष्ट्रपति किसी विदेशी दौरे पर होते हैं, तो उपराष्ट्रपति को देश में रहकर कमान संभालनी पड़ती है।

“वाइट हाउस में सन्नाटा होता है…” – वेंस का मजाकिया अंदाज

उपराष्ट्रपति ने अपने अकेलेपन को मजाकिया लहजे में पेश करते हुए कहा, “आज जैसे दिनों में, मुझे कभी-कभी ‘होम अलोन’ के मैकाले कल्किन जैसा महसूस होता है। मैं वाइट हाउस में दाखिल होता हूं और वहां एकदम सन्नाटा होता है। मुझे यह समझने में एक पल लगता है कि आखिर चल क्या रहा है।” ‘होम अलोन’ फिल्म में 8 साल का केविन गलती से घर पर अकेला रह जाता है और चोरों से मुकाबला करता है। वेंस के इस तंज ने वाशिंगटन के गंभीर माहौल को कुछ पल के लिए हल्का कर दिया।

जेडी वेंस की राज्यों को सख्त चेतावनी: रुक सकती है फेडरल फंडिंग

सिर्फ हंसी-मजाक ही नहीं, वेंस ने प्रशासनिक कड़ाई के संकेत भी दिए। एंटी-फ्रॉड टास्कफोर्स का नेतृत्व कर रहे उपराष्ट्रपति ने उन राज्यों को चेतावनी दी जो संदिग्ध धोखाधड़ी की जांच में ट्रंप प्रशासन का सहयोग नहीं कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो राज्य प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर नहीं चलेंगे, उनकी सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के लिए मिलने वाली ‘फेडरल फंडिंग’ रोकी जा सकती है। यह बयान दर्शाता है कि ट्रंप की गैरमौजूदगी में भी प्रशासन की नीतियों पर सख्ती बरकरार है।

बीजिंग में ट्रंप का भव्य स्वागत, शी जिनपिंग से अहम वार्ता

दूसरी ओर, चीन की राजधानी बीजिंग के ‘ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल’ में राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने डोनाल्ड ट्रंप का रेड कार्पेट स्वागत किया। ट्रंप और शी के बीच ईरान युद्ध, व्यापारिक मतभेद और द्विपक्षीय संबंधों को लेकर कई दौर की बातचीत निर्धारित है। शनिवार तक चलने वाले इस दौरे में पूरी दुनिया की नजरें इन दोनों महाशक्तियों के बीच होने वाले समझौतों पर टिकी हैं। फिलहाल, बीजिंग में कूटनीति के दांव-पेंच चल रहे हैं और वाशिंगटन में जेडी वेंस ‘होम अलोन’ मोड में प्रशासन संभाल रहे हैं।