
मई का महीना अपनी तपिश के साथ चरम पर है। चिलचिलाती धूप और पसीने वाली गर्मी में अगर कुछ सबसे ज्यादा सुकून देता है, तो वह है ठंडी-ठंडी आइसक्रीम। आजकल लोग बाजार की मिलावटी आइसक्रीम के बजाय घर पर बनी ‘होममेड पॉप्सिकल्स’ को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। घर पर बनी आइसक्रीम न केवल किफायती होती है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी भरोसेमंद होती है। आज हम आपको बताने जा रहे हैं गर्मियों के सबसे खास फल तरबूज से बनने वाली वॉटरमेलन-रोज पॉप्सिकल्स की रेसिपी, जो मिनटों में तैयार हो जाती है और स्वाद में लाजवाब है।
वॉटरमेलन-रोज पॉप्सिकल के लिए जरूरी सामग्री
तरबूज की यह रिफ्रेशिंग स्टिक बनाने के लिए आपको बहुत ही बेसिक चीजों की जरूरत होगी:
-
कटा हुआ तरबूज: 2 कप
-
गुलाब का शरबत (रोज सिरप): 1-2 चम्मच
-
नींबू का रस: 1 चम्मच (ऑप्शनल)
-
पुदीना के पत्ते: 6-8 (ताजगी के लिए)
-
स्वीटनर: चीनी या शहद (जरूरत अनुसार, वैसे तरबूज की अपनी मिठास काफी होती है)
बनाने का आसान तरीका: स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी
1. ब्लेंड करें: सबसे पहले तरबूज को छोटे टुकड़ों में काटकर ब्लेंडर में डालें। इसमें गुलाब का शरबत, नींबू का रस और पुदीने के पत्ते मिलाकर अच्छी तरह ब्लेंड कर लें। रोज सिरप तरबूज के स्वाद को एक अलग ही लेवल पर ले जाता है।
2. छानना है जरूरी: ब्लेंड करने के बाद तैयार जूस को एक बारीक छलनी से छान लें। यह एक खास टिप है, क्योंकि छानने से तरबूज के बीजों के छोटे कण निकल जाते हैं, वरना खाते समय इनका स्वाद कड़वा लग सकता है।
3. मोल्ड में भरें: अब इस छने हुए जूस को पॉप्सिकल मोल्ड्स (सांचों) में डालें। ध्यान रखें कि सांचों को ऊपर तक पूरा न भरें, हल्की सी जगह खाली रखें क्योंकि जमने के बाद बर्फ फैलती है।
फ्रिजर में जमने का सही समय
अगर आपके मोल्ड में ढक्कन है, तो स्टिक लगाकर सीधे फ्रीजर में रख दें। अगर ढक्कन नहीं है, तो जूस को 1 घंटे के लिए फ्रिज में रखें और जब वह थोड़ा गाढ़ा (सेमी-फ्रोजन) हो जाए, तब उसमें लकड़ी वाली स्टिक लगाएं। इन पॉप्सिकल्स को पूरी तरह सेट होने के लिए 6-8 घंटे या पूरी रात फ्रीजर में छोड़ दें।
काम की टिप: जमने के बाद पॉप्सिकल्स को मोल्ड से बाहर निकालने के लिए सांचे को कुछ सेकंड के लिए गुनगुने पानी में डुबोएं। इससे आइसक्रीम बिना टूटे आसानी से बाहर निकल आएगी।
girls globe