
देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा ‘यूपीएससी सिविल सेवा प्रीलिम्स 2026’ कल, यानी 24 मई को देश भर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित होने जा रही है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने इस साल परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और छात्रों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए कई ऐतिहासिक बदलाव किए हैं। इस साल आईएएस (IAS), आईपीएस (IPS) और आईएफएस (IFS) समेत कुल 933 वैकेंसी और भारतीय वन सेवा (IFS) के लिए 40 वैकेंसी पर चयन होना है। अगर आप भी कल इस परीक्षा में बैठने जा रहे हैं, तो आयोग द्वारा जारी की गई इन 10 अति-महत्वपूर्ण गाइडलाइंस और नियमों को ध्यान से पढ़ लें, क्योंकि जरा सी लापरवाही आपको परीक्षा से वंचित कर सकती है।
1. गेट बंद होने का समय: परीक्षा से 30 मिनट पहले एंट्री बंद, लेट होने पर नो-एंट्री
आयोग के सख्त नियमों के मुताबिक, परीक्षा शुरू होने से ठीक 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार (गेट) को बंद कर दिया जाएगा।
-
पहली शिफ्ट (पूर्वाहन): परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू होगी, जिसके लिए एंट्री हर हाल में सुबह 09:00 बजे बंद हो जाएगी।
-
दूसरी शिफ्ट (अपराहन): परीक्षा दोपहर 2:30 बजे शुरू होगी, जिसके लिए एंट्री दोपहर 02:00 बजे बंद कर दी जाएगी। गेट बंद होने के बाद किसी भी उम्मीदवार को अंदर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी, चाहे कारण कुछ भी हो।
2. पहली बार लागू होगा AI फेस ऑथेंटिकेशन: डमी कैंडिडेट्स की अब खैर नहीं
साल 2026 से यूपीएससी ने एक बड़ा तकनीकी बदलाव किया है। अब सिविल सेवा समेत आयोग की सभी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले प्रत्येक उम्मीदवार का परीक्षा केंद्र पर ‘फेस ऑथेंटिकेशन’ किया जाएगा। इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित फेस टेस्ट सिस्टम लगाया गया है। यह सिस्टम न सिर्फ मैन्युअल चेकिंग से ज्यादा तेज है, बल्कि परीक्षा में होने वाली जालसाजी, फर्जी उम्मीदवारों और डमी कैंडिडेट्स को तुरंत पकड़ लेगा।
3. ऐतिहासिक बदलाव: प्रीलिम्स के तुरंत बाद जारी होगी ‘आंसर-की’
यूपीएससी के इतिहास में यह पहली बार होने जा रहा है कि प्रारंभिक परीक्षा के तुरंत बाद इसकी प्रोविजनल आंसर-की (Answer Key) जारी कर दी जाएगी। इससे पहले तक आयोग फाइनल रिजल्ट आने के बाद ही आंसर-की सार्वजनिक करता था, जिससे छात्र असमंजस में रहते थे कि उन्हें मुख्य परीक्षा (Mains) की तैयारी करनी चाहिए या अगले साल की। अब छात्र तुरंत अपने प्रदर्शन का सटीक आकलन कर सकेंगे।
4. आपत्ति दर्ज कराने के लिए देने होंगे ‘3 पुख्ता सबूत’
प्रोविजनल उत्तर कुंजी जारी होने के बाद, यदि किसी अभ्यर्थी को किसी प्रश्न के उत्तर पर संदेह है, तो वे 31 मई 2026 की शाम 6:00 बजे तक ऑनलाइन पोर्टल ‘ऑनलाइन क्वेश्चन पेपर रिप्रेजेंटेशन पोर्टल’ (QPRep) के माध्यम से अपनी आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए उम्मीदवारों को https://upsconline.nic.in/login पर जाना होगा। आपत्ति दर्ज कराते समय अभ्यर्थियों को अपने सही उत्तर के समर्थन में संक्षिप्त विवरण के साथ 3 प्रामाणिक स्रोतों/दस्तावेजों के सबूत अपलोड करने होंगे, जिनकी जांच विषय विशेषज्ञों की टीम करेगी।
5. केवल ‘काले बॉल पॉइंट पेन’ का ही करें इस्तेमाल
उम्मीदवारों को ओएमआर (OMR) आंसर-शीट और अटेंडेंस शीट भरने के लिए केवल और केवल काले बॉल पॉइंट पेन (Black Ball Point Pen) का ही इस्तेमाल करना होगा। काले बॉल पेन के अलावा किसी अन्य रंग के पेन या पेंसिल से दिए गए उत्तरों की जांच नहीं की जाएगी और आपकी ओएमआर शीट अमान्य घोषित कर दी जाएगी।
6. एडमिट कार्ड और ‘ओरिजिनल फोटो आईडी’ लाना अनिवार्य
परीक्षा हॉल में प्रवेश पाने के लिए उम्मीदवारों को ई-प्रवेश पत्र (Admit Card) का प्रिंटआउट और साथ में एक ओरिजिनल फोटो पहचान पत्र (Photo ID Proof) लेकर आना होगा। ध्यान रहे, यह वही फोटो आईडी होनी चाहिए जिसका नंबर आपने अपने ई-प्रवेश पत्र पर दर्ज कराया है। इस एडमिट कार्ड को सिविल सेवा परीक्षा, 2026 के अंतिम परिणाम घोषित होने तक सुरक्षित रखना आवश्यक है।
7. खराब या अस्पष्ट फोटो वाले अभ्यर्थी ध्यान दें: साथ लाएं दो तस्वीरें
ऐसे उम्मीदवार जिनके ई-प्रवेश पत्र पर उनकी फोटो धुंधली या अस्पष्ट है, अथवा फोटो पर उनका नाम और फोटो खींचने की तारीख (DO P) साफ नहीं है, उन्हें परीक्षा के प्रत्येक सत्र में प्रवेश के लिए अपने साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र, पासपोर्ट आकार के दो फोटोग्राफ (जिसमें उनका नाम और फोटो की तारीख अंकित हो) तथा एक अंडरटेकिंग (घोषणा पत्र) भी साथ लाना होगा। प्रत्येक शिफ्ट के लिए एक फोटो अनिवार्य है।
8. घड़ी पहनने के नियम: सिर्फ सामान्य सुई वाली घड़ी की इजाजत
उम्मीदवारों को परीक्षा कक्ष के भीतर केवल साधारण या सामान्य कलाई घड़ी (Analog Watch) पहनने की अनुमति होगी। किसी भी प्रकार की स्मार्ट वॉच, डिजिटल वॉच, फिटनेस बैंड या ऐसी घड़ियां जिन्हें संचार साधन के तौर पर इस्तेमाल किया जा सके, पूरी तरह से प्रतिबंधित हैं।
9. ये चीजें परीक्षा केंद्र पर हैं पूरी तरह से बैन
परीक्षा हॉल के अंदर मोबाइल फोन (चाहे वह बंद ही क्यों न हो), ब्लूटूथ डिवाइस, कैमरे, पेजर, पेन ड्राइव, कैलकुलेटर या अन्य कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स लाना सख्त मना है। इसके अलावा परीक्षा केंद्र के अंदर उम्मीदवारों को कोई भी बैग, कीमती सामान या सूटकेस लाने की अनुमति नहीं होगी। यूपीएससी ने साफ किया है कि परीक्षा केंद्र पर सामान रखने की कोई व्यवस्था नहीं होगी और किसी भी सामान के खो जाने पर आयोग जिम्मेदार नहीं होगा।
10. अधिकारियों और निरीक्षकों के लिए भी कड़े आदेश
परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता बनाए रखने के लिए आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। आदेशों का उल्लंघन करने वाले परीक्षार्थी के खिलाफ न सिर्फ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, बल्कि उन्हें भविष्य की सभी परीक्षाओं से हमेशा के लिए डिबार (वंचित) कर दिया जाएगा। यही नहीं, केन्द्राधीक्षक, सहायक पर्यवेक्षक, वीक्षक (इन्विजिलेटर) और परीक्षा से जुड़े किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को परीक्षा कक्ष के अंदर मोबाइल फोन या कोई भी कम्युनिकेशन डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
girls globe