
Greater Noida News: उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार, विनिर्माण और निर्यात के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। प्रदेश का चौथा उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) आगामी 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बार ट्रेड शो को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी व्यापक पहचान दिलाई जाए।
पिछले तीन संस्करणों ने बढ़ाई यूपी की वैश्विक पहचान
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो ने पिछले तीन संस्करणों में प्रदेश के उत्पादों, उद्योगों और उद्यमियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अब केवल एक व्यापार प्रदर्शनी तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ विजन को आगे बढ़ाने वाला एक प्रभावी वैश्विक मंच बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश असीम संभावनाओं वाला राज्य है और यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो इन संभावनाओं को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का सबसे बड़ा अवसर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि देश और विदेश में इस आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक निवेशक, खरीदार और उद्योग जगत के प्रतिनिधि इसमें शामिल हो सकें।
‘UP for Global Growth’ होगी इस बार की थीम
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस वर्ष ट्रेड शो की थीम “UP for Global Growth, Innovation, Manufacturing and Exports” निर्धारित की गई है। इस थीम के माध्यम से उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, नवाचार और निर्यात संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।
आयोजन में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों के भाग लेने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा 1.50 लाख से अधिक पंजीकृत बी2बी खरीदार, 4.50 लाख से ज्यादा बी2सी आगंतुक और 85 देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की सहभागिता का अनुमान है।
4 हजार से अधिक एमओयू और हजारों करोड़ के कारोबार की उम्मीद
सरकार ने इस बार ट्रेड शो के जरिए 4,000 से अधिक एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर कराने का लक्ष्य तय किया है। प्रस्तावित एमओयू का मूल्य 3,200 करोड़ रुपये से अधिक रहने का अनुमान है, जबकि 13,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की बिजनेस इंक्वायरी मिलने की संभावना जताई गई है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंगापुर, ओमान, ऑस्ट्रिया, ब्राजील, थाईलैंड, जापान, इंडोनेशिया और रूस सहित अन्य देशों के साथ भी लगातार संवाद बनाए रखा जाए, ताकि अधिक से अधिक विदेशी खरीदार और निवेशक इस आयोजन का हिस्सा बन सकें।
ODOP से लेकर इलेक्ट्रिक व्हीकल तक, एक ही मंच पर दिखेगी यूपी की ताकत
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में प्रदेश के विभिन्न प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक क्षेत्रों का व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें ODOP, ODOC, MSME, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, रक्षा एवं एयरोस्पेस, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, पर्यटन, फिल्म, अक्षय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल एवं इलेक्ट्रिक वाहन, फार्मा एवं हेल्थकेयर, कौशल विकास, नागरिक उड्डयन, वित्तीय सेवाएं, स्टार्टअप, लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग, हस्तशिल्प, खादी, वस्त्र, चमड़ा और फर्नीचर सहित कई क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जाएगा।
इसका उद्देश्य प्रदेश की विविध औद्योगिक और आर्थिक क्षमता को एक ही मंच पर देश-विदेश के निवेशकों और खरीदारों के सामने प्रस्तुत करना है।
नॉलेज सेशन में AI, साइबर क्राइम और MSME जैसे विषयों पर होगी चर्चा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए कि ट्रेड शो के दौरान आयोजित होने वाले नॉलेज सेशन उद्योग जगत, निवेशकों और उद्यमियों के लिए उपयोगी साबित हों। इन सत्रों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर अपराध, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, बैंकिंग एवं वित्त, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, नई श्रम संहिताएं, फूड प्रोसेसिंग नीति, सड़क सुरक्षा, ई-कॉमर्स, वैश्विक मुक्त व्यापार समझौते और MSME जैसे समकालीन विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।
व्यापार के साथ संस्कृति की भी मिलेगी झलक
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत भी इसकी विशेष पहचान बने। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन के सभी दिनों में शास्त्रीय संगीत, कथक, लोकनृत्य, लोकगायन, भजन, गजल और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले आगंतुक उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता का भी अनुभव कर सकें।
girls globe