
उत्तराखंड का यमकेश्वर गुरुवार को उस ऐतिहासिक पल का गवाह बना, जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक साथ एक मंच पर नजर आए। यह मिलन न केवल दो राज्यों के मुख्यमंत्रियों का था, बल्कि विकास और फिटनेस के साझा संकल्प का भी था। इस दौरान सीएम योगी अपने पैतृक गांव पंचूर भी पहुंचे, जहां उन्होंने आध्यात्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने क्षेत्र को करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात दी और युवाओं को फिटनेस का अनोखा संदेश दिया।
प्राचीन शिव मंदिर में पूजा और पैतृक गांव में अनुष्ठान
कार्यक्रम का आगाज यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। दोनों मुख्यमंत्रियों ने महादेव का अभिषेक कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। यहां उन्होंने श्रीविष्णु महायज्ञ में शिरकत की। अपने परिवार और ग्रामीणों के बीच पहुंचे योगी ने आध्यात्मिक अनुष्ठान में भाग लिया और पुरानी यादें ताजा कीं। मंदिर समिति का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि तीन साल पहले जो संकल्प लिया था, आज वह भव्य मंदिर के रूप में सामने है।
जब ओपन जिम में एक्सरसाइज करने लगे योगी और धामी
इस दौरे की सबसे चर्चित तस्वीर बिथ्याणी स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय से आई। यहां युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए ओपन जिम का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के बाद सीएम योगी और सीएम धामी स्वयं जिम उपकरणों पर एक्सरसाइज करते नजर आए। मुख्यमंत्री ने युवाओं को संदेश दिया कि प्रगति के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण और स्वस्थ शरीर का होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि ईश्वर की भक्ति और आध्यात्मिकता सकारात्मक ऊर्जा के सबसे बड़े स्रोत हैं।
बिथ्याणी कॉलेज बनेगा ‘आदर्श कॉलेज’, जल्द मिलेगा स्टेडियम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मौके पर यमकेश्वर क्षेत्र के लिए घोषणाओं की झड़ी लगा दी। उन्होंने बिथ्याणी राजकीय महाविद्यालय को ‘आदर्श कॉलेज’ के रूप में विकसित करने और यहां जल्द ही मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू करने का ऐलान किया। धामी ने सीएम योगी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं को वैश्विक स्तर की शिक्षा और खेल सुविधाएं देने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने स्टेडियम के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण भी किया।
एआई बॉट (AI Bot) से सीएम योगी ने पूछे सवाल
शिक्षा और तकनीक के संगम का एक अनूठा उदाहरण भी कार्यक्रम में देखने को मिला। सीएम योगी ने महाविद्यालय की नई एआई आधारित वेबसाइट का डिजिटल उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं ‘एआई बॉट’ से संवाद किया और कॉलेज की परीक्षा प्रणाली व परिणामों की जानकारी ली। वहीं, मुख्यमंत्री धामी ने बॉट के जरिए छात्र संख्या और कौशल विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की। डिजिटल तकनीक के इस प्रयोग की हर तरफ सराहना हो रही है
girls globe