
देहरादून। उत्तराखंड में 2,000 नर्सिंग अधिकारियों की वर्षवार भर्ती की मांग ने अब एक बेहद संवेदनशील और उग्र रूप ले लिया है। अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के अवसर पर जहां एक ओर सरकार कार्यक्रमों में व्यस्त थी, वहीं दूसरी ओर राजधानी देहरादून के सर्वे चौक पर पिछले 50 घंटों से हाई-वोल्टेज ड्रामा जारी रहा। नर्सिंग बेरोजगारों के समर्थन में उतरीं महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला और चार अन्य बेरोजगारों ने पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया।
आत्मदाह के प्रयास से मचा हड़कंप
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस वक्त बेहद तनावपूर्ण हो गई जब ज्योति रौतेला ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आत्मदाह की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य साथियों ने सूझबूझ दिखाते हुए उन्हें समय रहते रोक लिया। इस घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में कई थानों की फोर्स को सर्वे चौक पर तैनात कर दिया गया।
159 दिनों से जारी है हक की लड़ाई
नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले बेरोजगार पिछले 159 दिनों से आंदोलनरत हैं। अनशन के कारण अब तक 12 युवाओं की तबीयत बिगड़ चुकी है, जिनमें से 4 को आईसीयू (ICU) में भर्ती करना पड़ा है। आंदोलनकारियों का कहना है कि वे पिछले कई महीनों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे थे, लेकिन सरकार की बेरुखी ने उन्हें इस कड़े कदम के लिए मजबूर किया है।
वार्ता विफल: आश्वासन पर नहीं बना भरोसा
प्रशासन की ओर से डीजी हेल्थ डॉ. सुनीता टम्टा और सीडीओ अभिनव शाह ने प्रदर्शनकारियों से फोन पर लंबी वार्ता की। स्वास्थ्य विभाग ने वर्षवार भर्ती का प्रस्ताव शासन को भेजने का आश्वासन दिया, लेकिन बेरोजगारों ने इसे केवल ‘कागजी वादा’ करार देते हुए नीचे उतरने से इनकार कर दिया। नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर का कहना है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
स्वास्थ्य मंत्री का ऐलान: जल्द बनेगी नई नियमावली
दूसरी ओर, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने दून अस्पताल में आयोजित एक कार्यक्रम में नर्सिंग अधिकारियों के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि राजकीय मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ के लिए जल्द ही नई सेवा नियमावली तैयार की जाएगी। साथ ही, उन्होंने स्टाफ की सुविधा के लिए नए हॉस्टल निर्माण का भी भरोसा दिलाया। उन्होंने नर्सिंग पेशे को ‘पवित्र’ बताते हुए स्टाफ को व्यवहार में सुधार कर सरकारी अस्पतालों को कॉर्पोरेट से बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
विभाजित गुट और श्रद्धांजलि
नर्सिंग दिवस पर जहां एक गुट आंदोलन कर रहा था, वहीं चिकित्सा शिक्षा नर्सिंग सेवा संल को श्रद्धांजलि अर्पित की। हालांकि, इस गुट का मंत्री के मुख्य कार्यक्रम से दूरी बनाना चर्चा का विषय रहा। फिलहाल, देहरादून में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और प्रशासन टंकी पर चढ़े लोगों को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटा है।
girls globe