ग्रे मार्केट में दहाड़ रहा है यह IPO सिर्फ 2 दिन में 9 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन

अगर आप शेयर बाजार (Share Market) में आईपीओ (IPO) के जरिए बंपर कमाई करने का मौका तलाश रहे हैं, तो आपके लिए एक बेहद शानदार खबर है. इन-विट्रो डायग्नोटिक्स और हेल्थकेयर सॉल्यूशंस सेगमेंट में काम करने वाली एक छोटी लेकिन मजबूत कंपनी क्यू-लाइन बायोटेक का आईपीओ (Q-Line Biotech IPO) निवेश के लिए 21 मई को खुल चुका है. शुरुआती दो दिनों के भीतर ही इस आईपीओ को निवेशकों की तरफ से बेहद दमदार रिस्पॉन्स मिला है. आंकड़ों की मानें तो दो दिन में यह आईपीओ 9 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हो चुका है. सिर्फ इतना ही नहीं, इसके शेयर ग्रे मार्केट (Grey Market) में भी जबरदस्त गदर मचा रहे हैं, जिससे निवेशकों को लिस्टिंग वाले दिन ही तगड़े मुनाफे की उम्मीद नजर आ रही है.

343 रुपये का शेयर, लिस्टिंग पर 130 रुपये प्रति शेयर फायदे के संकेत

क्यू-लाइन बायोटेक ने अपने आईपीओ के लिए अपर प्राइस बैंड 343 रुपये तय किया है. वहीं, ग्रे मार्केट में इसके शेयरों का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है. बाजार एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कंपनी का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) बढ़कर 130 रुपये पर पहुंच गया है. मौजूदा जीएमपी के हिसाब से देखें तो यह शेयर बाजार में 473 रुपये (343+130) पर लिस्ट हो सकता है. इसका सीधा मतलब यह हुआ कि जिन भाग्यशाली निवेशकों को इस आईपीओ में शेयर अलॉट होंगे, उन्हें लिस्टिंग वाले दिन ही करीब 38 पर्सेंट का मोटा मुनाफा देखने को मिल सकता है.

जानिए क्या है महत्वपूर्ण तारीखें (IPO Timeline)

यदि आप इस आईपीओ में दांव लगाना चाहते हैं, तो आपके पास अभी भी मौका बचा हुआ है. क्यू-लाइन बायोटेक का आईपीओ निवेश के लिए 25 मई 2026 तक खुला रहेगा. इसके बाद कंपनी के शेयरों का अलॉटमेंट 26 मई 2026 को फाइनल किया जाएगा. जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिल पाएंगे, उनका रिफंड इसके बाद प्रोसेस होगा. वहीं, कंपनी के शेयरों की घरेलू शेयर बाजार में धमाकेदार एंट्री शुक्रवार 29 मई 2026 को होने जा रही है.

आम निवेशकों से लेकर संस्थागत खरीदारों तक, हर तरफ से टूटा पैसा

शुरुआती दो दिनों के सब्सक्रिप्शन डेटा पर नजर डालें तो यह आईपीओ कुल 9.87 गुना सब्सक्राइब हो चुका है. इसमें अलग-अलग कैटेगरीज का रिस्पॉन्स इस प्रकार है:

  • रिटेल इनवेस्टर्स (आम निवेशक): इस कैटेगरी में सबसे ज्यादा उत्साह देखा गया और यह 10.07 गुना सब्सक्राइब हुआ.

  • नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII): गैर-संस्थागत निवेशकों के कोटे में सबसे भारी 15.62 गुना दांव लगा है.

  • क्वालीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB): योग्य संस्थागत खरीदारों की कैटेगरी में भी 5.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है.

आईपीओ के मुख्य आंकड़े और निवेश की सीमा

अगर आप एक आम (रिटेल) निवेशक हैं, तो नियमों के मुताबिक आप इस आईपीओ में अधिकतम 2 लॉट के लिए ही दांव लगा सकते हैं. इस आईपीओ की 2 लॉट में कुल 800 शेयर शामिल हैं. यानी, अपर प्राइस बैंड के हिसाब से आपको इस आईपीओ में न्यूनतम और अधिकतम 2,74,400 रुपये का इनवेस्टमेंट करना होगा.

क्यू-लाइन बायोटेक आईपीओ (Q-Line Biotech IPO) मुख्य विवरण (Details)
प्राइस बैंड (Price Band) 326-343 रुपये प्रति शेयर
ग्रे मार्केट प्रीमियम (Latest GMP) 130 रुपये
आईपीओ ओपनिंग-क्लोजिंग डेट 21 मई से 25 मई 2026
शेयर अलॉटमेंट डेट (Allotment) 26 मई 2026
शेयर लिस्टिंग डेट (Listing Date) 29 मई 2026
कुल आईपीओ साइज (IPO Size) 214 करोड़ रुपये तक

क्या करती है कंपनी और कौन हैं प्रमोटर्स?

साल 2010 में शुरू हुई क्यू-लाइन बायोटेक मुख्य रूप से इन-विट्रो डायग्नोटिक्स (IVD) और हेल्थकेयर सॉल्यूशंस सेगमेंट में काम करती है. यह कंपनी डायग्नोटिक रीजेंट्स, रैपिड टेस्टिंग किट्स, मोलेक्युलर डायग्नोटिक्स प्रॉडक्ट्स, पैथोलॉजी इक्विपमेंट और इससे जुड़े अन्य कंज्यूमेबल्स की मैन्युफैक्चरिंग (उत्पादन) करती है. इस कंपनी को दिग्गज और नामचीन बाजार निवेशक विकास खेमानी का बड़ा सपोर्ट हासिल है. कंपनी के प्रमोटर्स में सौरभ गर्ग, अमिता गर्ग, आयुष गर्ग, अजय कुमार महंती और अभय अग्रवाल शामिल हैं. आईपीओ आने से पहले कंपनी में प्रमोटर्स की कुल हिस्सेदारी 96.77 पर्सेंट है. कंपनी इस आईपीओ से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल मुख्य रूप से अपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, पुराने कर्ज (उधारी) को चुकाने और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी.