भागलपुर/खरीक: पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भागलपुर के नवगछिया स्थित खरीक में हुए कन्हैया मोदी हत्याकांड को लेकर बिहार पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को मृतक के परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे सांसद ने पुलिस और अपराधियों के बीच मिलीभगत का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
पुलिस और अपराधियों की ‘सेटिंग’ का आरोप
पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि खरीक थानाध्यक्ष और एक अन्य दारोगा अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 10 मई की रात को हत्या को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने लगातार पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात की, जिसके बाद सरेंडर करने की ‘सेटिंग’ की गई।
मृतक के परिवार को मिली धमकी
कन्हैया मोदी के भाई अमरनाथ कुमार ने पुलिस को आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कुख्यात ऋषभ चौधरी के भाई केशव चौधरी ने उनके पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी दी है।
इन गंभीर आरोपों पर खरीक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने घटना के महज 4 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उन्होंने पप्पू यादव द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताया और आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय और सुरक्षा दी जाएगी।
क्षेत्र के मंत्रियों पर साधा निशाना
पप्पू यादव ने स्थानीय राजनीतिक नेतृत्व पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि खरीक क्षेत्र से वर्तमान में दो-दो मंत्री हैं, लेकिन किसी के पास भी शोक संतप्त परिवार से मिलने का समय नहीं है।
girls globe
